शहीद मेजर केतन को देश का सलाम, शोक के माहौल में हुआ शहीद मेजर का अंतिम संस्कार
अंतिम यात्रा में भारत मां की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के भी नारे लगे।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के अच्छाबल इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुए क्रांतिधरा के लाल केतन शर्मा को मंगलवार शाम को सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में भारत मां की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के भी नारे लगे। वहीं तिरंगे में लिपटे अपने लाल की आखिरी बार एक झलक पाने के लिए लोगों का सुबह से ही शहीद के घर पर पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर को शहीद मेजर का पार्थिव शरीर सेना प्लेन से दिल्ली लेकर पहुंची। जहां से सेना हेलीकाप्टर से शहीद का पार्थिव शरीर दोपहर 2:25 बजे हेलीकाप्टर से आरवीसी मेरठ लेकर पहुंची। कंकरखेड़ा के श्रद्घापुरी सेक्टर-4 निवासी मेजर केतन शर्मा (31) पुत्र रविंद्र शर्मा सोमवार दोपहर को आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गये थे। सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) में केतन शर्मा मेजर थे। सेना के अफसर जम्मू से शहीद के पार्थिव शरीर को प्लेन से दिल्ली लेकर पहुंचे। दिल्ली से सेना पार्थिव शरीर हेलीकाप्टर से मेरठ लेकर पहुंची। दोपहर ढाई बजे जब शहीद मेजर के पार्थिव शरीर को हेलीकाप्टर से आरवीसी में उतारा गया, उस सम शहीद की पत्नी ईरा शर्मा, पिता रविंद्र शर्मा, शहीद की मां ऊषा, बहन मेघा और अन्य परिजनों को भी सेना की टीम घर से आरवीसी लेकर पहुंची थी। वहीं शहीद को तिरंगे में लिपटा देखकर, बहन और मां की हालत बिगड़ गई, जबकि पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल था। सेना के अफसर शहीद के पार्थिव शरीर को सैन्य वाहन से लेकर मेजर के घर पहुंचे। इस दौरान शहादत पर हर किसी की आंख नम थी, दुश्मनों के खिलाफ एक आक्रोश था। दोपहर 3:10 बजे पार्थिव शरीर घर पहुंचा, अंतिम दर्शन के बाद घर पर सेना द्वारा अंतिम सलामी देने के बाद 3:35 बजे अंतिम यात्रा सूरजकुंड के लिए शुरू हुई। आगे आगे सेना के अफसर, तिरंगे के साथ सैन्य वाहन, पीछे सैकड़ों वाहनों का काफिला.. जब तक सूरज चांद रहेगा, केतन शर्मा तेरा नाम रहेगा। पाकिस्तान मुर्दाबाद… दुश्मनों को नहीं छोड़ेंगे.. नारे गूंजते रहे। शाम 5:53 बजे सैन्य सम्मान के बाद शहीद को भावभीन श्रद्वांजलि दी गई। मेजर के पिता रविंद्र शर्मा ने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी तो मौजूद लोगों की आंखों में आंसू बहने लगे। अंतिम विदाई में प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी नितिन तिवारी, सेना व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और मौजूद रहे।