(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : कुल्लू। जिला कुल्लू की पार्वती घाटी की पुंथल पंचायत के शालग गांव में मंगलवार रात करीब दस बजे ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। मकान के सभी छह कमरे आग की भेंट चढ़ गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इससे गहने, 20 हजार रुपये की नकदी जल गई। आग से करीब आठ लाख के नुकसान का अनुमान है। कड़ाके की ठंड में एक परिवार के पांच सदस्यों से उनकी छत छिन गई है। आग लगने से पूरे शालग गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन लकड़ी का बना मकान पलभर में जलकर राख हो गया। गांव की दूरी सड़क से करीब चार किलोमीटर है। ऐसे में यहां पर समय पर दमकल वाहन भी नहीं पहुंच सकता है। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को भी नहीं दी जा सकी। जानकारी के अनुसार आग से जला घर ओम प्रकाश का था। घटना के समय ओम प्रकाश व उनका परिवार घर में सोया था। उनको आग लगने की भनक नहीं लगी। पड़ोसी ने घर में आग लगने की सूचना ओम प्रकाश को दी और उनके परिवार के सदस्यों को उठाया। ऐसे में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। साथ ही घर की निचली मंजिल में बंधे मवेशियों को जल्द बाहर निकाला गया। प्रभावितों को अन्य सामान बचाने का मौका नहीं मिला। पुंथल पंचायत के मोती लाल ठाकुर ने कहा कि आग लगने से प्रभावित परिवार के करीब एक लाख के गहने और 20 हजार की नकदी राख हो गए। ठंड के मौसम में परिवार के पांच लोग खुले आसमान के नीचे आ गए। उनसे छत छिन गई है। मकान में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी की सूचना के बाद बुधवार को पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। राजस्व विभाग ने प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी है। ग्रामीणों ने फिलहाल गांव में ही प्रभावितों के रहने का इंतजाम किया है। उधर, एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि आग से करीब आठ लाख का नुकसान आंका गया है।