हिमाचल : भारी बारिश-बर्फबारी के आसार,19 तक खराब रहेगा मौसम
पूरे प्रदेश में 19 फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में वीरवार को भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में बारिश-ओलावृष्टि और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू व चंबा के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया है।पूरे प्रदेश में 19 फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बादल छाये रहे। हालांकि तापमान में कमी दर्ज नहीं हुई। चंबा जिले में बर्फबारी के दो सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी में हालात सामान्य नहीं हो पाएं हैं। कबायली क्षेत्रों में अत्यधिक बर्फबारी के चलते ये क्षेत्र देश-दुनिया से पूरी तरह से कटे हुए हैं।क्षेत्र में अभी भी 766 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं। इसके अलावा दो दर्जन के करीब सड़कें भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई हैं। मंगलवार रात को कोठी, मनाली, सराहन और भावानगर में हल्की बारिश और उदयपुर व कल्पा में हल्की बर्फबारी रिकार्ड हुई। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड हुआ।प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मंगलवार की रात इस साल में अभी तक सबसे गर्म रात रिकार्ड हुई है। मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 8.5, सुंदरनगर में 8.7, धर्मशाला में 4.8, ऊना में 8.3, नाहन में 5.1, कांगड़ा-बिलासपुर में 9.0, सोलन में 6.5, मनाली में 2.6, हमीरपुर में 8.8, चंबा में 7.9, केलांग में माइनस 7.0 और कल्पा में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।