हिमाचल में आज होगा बजट सत्र का आगाज, इन मुद्दों पर सदन में हो सकता है हंगामा

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। हिमाचल में दिन-ब-दिन तेजी से फैल रहे स्वाइन फ्लू पर सत्ता पक्ष को घेरने के लिए विपक्ष ने तैयारी कर ली है। सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र में स्वाइन फ्लू का मामला सदन में जोरशोर से गूंजेगा। तेजी से फैल रहे स्वाइन फ्लू को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दो बार बैठक बुला चुके हैं जबकि स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं। प्रदेश भर में स्वाइन फ्लू से अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है जबकि मरीजों का आंकड़ा 115 तक पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक 300 से ज्यादा मरीजों के स्वाइन फ्लू की आशंका से टेस्ट कराए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंडी में 3, ऊना 2, हमीरपुर 2, बिलासपुर 1, कांगड़ा 5 और शिमला में 1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अफसर बंगलूरू और हैदराबाद की सैर कर रहे हैं। हिमाचल में लोग स्वाइन फ्लू से दम तोड़ रहे हैं। अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं। लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार से इसका जवाब मांगा जाएगा।सत्ता पक्ष से मांगा जाएगा जवाब। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अनेकों घोषणाएं कीं लेकिन सिरे नहीं चढ़ीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी धर्मशाला आकर हिमाचल को कुछ नहीं दे पाए। अग्निहोत्री का कहना है कि हिमाचल में जनमंच कार्यक्रम में मंत्री और अफसरों की बीच तकरार पैदा हो रही है। चप्पल वाले व्यक्ति को भी हवाई यात्रा का सपना दिखाया गया, लेकिन यह आदमी दूर से ही हेलीकाप्टर देखने को मजबूर हैं। बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री की स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना फाइलों में ही सिमट गई है। सत्ता पक्ष से इसका जवाब मांगा जाएगा।

 

Leave A Reply