(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। हिमाचल के हजारों वरिष्ठ नागरिकों एवं विक लांग राशन कार्ड उपभोक्ताओं जो अपना राशन लेने के लिए डिपुओं तक पहुंचने में असमर्थ हैं, को खाद्य एवं नागरिक आपुर्ति विभाग ने बड़ी राहत दी है। अब वे अपने किसी संबंधी या पड़ोसी को डिपो से राशन लेने के लिए नोमिनेट कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोई बड़ी कागजी कार्रवाई नहीं करनी होगी सिर्फ एक बार अपने स्थानीय खाद्य एवं आपुर्ति निरीक्षक के पास एक आवेदन और कुछेक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। इसके बाद उस वरिष्ठ नागरिक का राशन नोमिनेट किया गया व्यक्ति उसके घर तक ला सकेगा। प्रदेश में कोई भी व्यक्ति सरकार के सस्ते राशन से वंचित न रहे, इसके लिए यह सुविधा वरिष्ठ नागरिकों को दी गई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में हजारों ऐसे वरिष्ठ नागरिक राशन कार्ड उपभोक्ता हैं जिनके कार्ड में 2 ही व्यक्ति हैं और वे दोनों राशन लेने के लिए डिपो तक पहुंचने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में वे सरकार की सस्ते राशन की योजना से वंचित रह जाते हैं। वहीं कुछेक उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनके परिवार में उनके बच्चे तो हैं लेकिन या तो वे कहीं दूसरे जिला या प्रदेश से बाहर रहते हैं और उनका राशन कार्ड भी अलग कर दिया है। ऐसे में उनके घर में कोई भी व्यक्ति राशन लेने के लिए नहीं है क्योंकि सरकार की नई योजना के तहत अब राशन सिर्फ मशीन पर अंगूठे को स्कैन कर मिलता है तो वे अपने घरों से कई किलोमीटर दूर स्थित राशन के डिपो तक नहीं पहुंच पाते हैं लेकिन सरकार की इस नई सुविधा से उक्त लोग भी सस्ते राशन का लाभ उठा सकेंगे।