15 फरवरी को देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों दिखाई जाएगी हरी झंडी
2 दिसंबर को कोटा-सवाई माधोपुर सेक्शन में ट्रायल के दौरान ट्रेन 18 ने 180 किमी/घंटे की रफ्तार हासिल कर रिकॉर्ड बनाया था।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को देश की पहली बिना इंजन वाली ट्रेन वंदे भारत (ट्रेन 18) एक्सप्रेस को नई दिल्ली स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन बीते 30 साल से चल रही शताब्दी एक्सप्रेस का स्थान लेगी। ट्रेन 18 को देश की सबसे तेज गति की ट्रेन करार दिया जा रहा है। 2 दिसंबर को कोटा-सवाई माधोपुर सेक्शन में ट्रायल के दौरान ट्रेन 18 ने 180 किमी/घंटे की रफ्तार हासिल कर रिकॉर्ड बनाया था। रेलमंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक, यह ट्रेन 97 करोड़ की लागत से 18 माह में चेन्नई की कोच फैक्ट्री में तैयार की गई है। इसके सभी 16 कोच एयरकंडीशंड हैं। इसकी सीटें 360 डिग्री तक घूम सकती हैं।इसमें दो एग्जीक्यूटिव चेयर कार हैं। यह ट्रेन दिल्ली से बनारस के सफर में केवल कानपुर और इलाहाबाद में रुकेगी। पीयूष गोयल का कहना है- इस ट्रेन को भारतीय इंजीनियरों ने तैयार किया है। यह इस बात की मिसाल है कि मेक इन इंडिया के तहत विश्वस्तरीय ट्रेनें कैसे तैयार की जा सकती हैं।शुरुआती योजना के मुताबिक, ट्रेन 18 दिल्ली से सुबह 6 बजे चलेगी और दोपहर 2 बजे वाराणसी पहुंचेगी। करीब 800 किमी की दूरी 8 घंटे में तय करेगी। वाराणसी से यह दिल्ली के लिए दोपहर 2:30 बजे चलेगी और रात 10:30 बजे पहुंचेगी।