3 तलाक के खिलाफ आवाज, ‘जिस दिन मियां रोएंगे, उस रात चैन से सोऊंगी’
तीन तलाक और निकाह हलाला के खिलाफ आवाज उठा कानूनी लड़ाई लड़ने वाली निदा खान को आज संतोष है कि उनके इस संघर्ष से मुस्लिम महिलाओं को नारकीय जीवन से मुक्ति का रास्ता खुल गया।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। तीन तलाक और निकाह हलाला के खिलाफ आवाज उठा कानूनी लड़ाई लड़ने वाली निदा खान को आज संतोष है कि उनके इस संघर्ष से मुस्लिम महिलाओं को नारकीय जीवन से मुक्ति का रास्ता खुल गया। विशेष बातचीत में बरेली, उप्र निवासी निदा ने अपनी आप बीती सुनाई। बताया कि आखिर क्यों उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। वो क्या जिद थी, जिसने दुनिया से लड़ने का हौसला दे दिया। वसीम अख्तर से हुई बातचीत का अंश.. निदा ने बताया, परीक्षा देने बरेली कॉलेज गई तो जबर्दस्ती वहां से उठा लाए। उन्होंने मारपीट की तो गर्भपात हो गया। घर से निकाल दिया। सह लिया। पुलिस तक गई, लेकिन इस उम्मीद से कि शौहर शीरान बदल जाएंगे। मीडिएशन सेंटर में समझौते के लिए गई थी। वहां शीरान ने तलाक के कागजात दिखाए तो पैरों तले से जमीन खिसकती महसूस हुई। उसी दिन तय कर लिया, बहुत हुआ, अब लड़ना है। निदा खान कहती हैं, यह लड़ाई अब भी जारी है, लेकिन लगने लगा है कि जीत मेरी ही होगी, क्योंकि लड़ाई जुल्म के खिलाफ है। निदा खान बताती हैं कि घरवालों का पूरा समर्थन मिला, लेकिन ज्यादातर रिश्तेदार विरोध में खड़े हो गए। कह दिया कि आला हजरत का खानदान ताकतवर है, शीरान और उनके घरवालों के खिलाफ कुछ नहीं कर पाओगी। अदालत में जाने के दौरान अपने जैसी तलाक पीड़ित महिलाओं से मिली तो वे भी शरीयत के डर की वजह से खुलकर बोलने में हिचकिचाती दिखाई दीं। यहां से तत्काल तीन तलाक की लड़ाई को तेज करने का फैसला लिया। रुंधे गले से निदा कहती हैं कि किसी महिला के खिलाफ दरगाह आला हजरत से जुड़े मुफ्तियों का यह सबसे आक्रामक फतवा था। इसमें लोगों से कहा गया कि मुझसे तमाम तरह के ताल्लुकात तोड़ लिए जाएं। बीमार पड़ूं तो कोई देखने नहीं जाए और मर जाऊं तो जनाजे में हिस्सा नहीं लें।
बकौल निदा, फतवे के बाद ऑल इंडिया मदीना काउंसिल के अध्यक्ष मुईन सिद्दीकी ने मुझे देश से खदेड़ने वाले के लिए इनाम का एलान कर दिया। उसके बाद दरगाह शाहदाना वली में जुमे की नमाज के लिए गए मेरे पिता को टोका गया। पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बानखाना में महिलाओं ने ही घेर लिया। पुलिस को बचाकर लाना पड़ा। इमाम द्वारा जारी किए गए इस फतवे में कहा गया था, यदि निदा खान बीमार पड़ी हैं तो उन्हें कोई देखने ना जाए, यदि उनकी मौत होती है तो कोई जनाजे में शरीक न हो और न ही कब्रिस्तान में दफन होने दें। यदि कोई निदा खान की मदद करता है तो उसे भी यही सजा मिलेगी। फतवे में कहा गया कि जब तक निदा खान सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती हैं तब तक उनसे कोई मुस्लिम संपर्क नहीं रखेगा। तीन तलाक और निकाह हलाला के खिलाफ आवाज उठाने को लेकर निदा मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर आ चुकी थीं। बताती हैं, मेरे खिलाफ फतवे में कहा गया कि जो भी मेरे सिर के बाल काटकर लाएगा उसे नकद इनाम दिया जाएगा। मुझे धमकाया गया कि यदि मैंने तीन दिन के अंदर देश नहीं छोड़ा तो मुझे पत्थरों से कुचल डाला जाएगा।
तीन तलाक के खिलाफ कानूनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने वाली निदा खान कहती हैं, तत्काल तीन तलाक के खिलाफ आवाज उठाने से महिलाओं की चुप्पी टूटी। चाय फीकी होने, खाने में नमक कम या ज्यादा होने और दरवाजा देर से खोलने जैसी जरा-जरा सी बात पर दी जाने वाली तीन तलाक के मामले अब थमे हैं। जुल्म के खिलाफ चुप रह जाने वाली महिलाएं बोलने लगीं। निदा कहती हैं कि अब इंतजार सरकार के स्तर पर कानून बनने और पीड़ित महिलाओं के जीवनयापन को ठोस कदम का है। निदा खान कहती हैं, बरेली से इतिहास बनेगा। जिस दिन मियां (शीरान) को जेल होगी और सलाखों में रोएंगे, तब चैन से सो पाऊंगी। उनके जुल्म याद करके नींद नहीं आती। यह मेरी नहीं, उन तमाम महिलाओं की जीत होगी, जिन्हें कमजोर मानकर जुल्म ढाए जाते रहे हैं। इस सजा से समाज में व्यापक संदेश जाएगा। जब धमकियों और फतवों की इंतहा हो गई तब निदा ने प्रेस कांफ्रेंस कर धमकी देने वालों पर पलटवार किया। कहा कि फतवा जारी करने वाले पाकिस्तान चले जाएं क्योंकि हिंदुस्तान एक लोकतांत्रिक देश है। यहां दो कानून नहीं चलेंगे। किसी मुस्लिम को इस्लाम से खारिज करने की हैसियत किसी की नहीं है, सिर्फ अल्लाह ही गुनहगार और बेगुनाह का फैसला कर सकता है।
शाहदाना वली दरगाह के पास रहने वाले मुसर्रत यार खां ने बेटी पैदा होने पर उसका नाम निदा रखा। इस नाम का धार्मिक मायना गैबी यानी अदृश्य आवाज होता है। 25 साल पहले उन्हें तो क्या किसी को भी यह गुमान नहीं था कि निदा अपने नाम के अनुरूप निकलेंगी। शरीयत की आड़ में पुरुषों को मनमानी का अधिकार देने वाली तीन तलाक प्रथा के खिलाफ महिलाओं की आवाज बन जाएंगी। निदा खान बरेली के प्रतिष्ठित आला हजरत खानदान की बहू बनीं। वर्ष 2015 में इनकी शादी दरगाह आला हजरत के प्रमुख सुब्हानी मियां के छोटे भाई अंजुम मियां के बेटे शीरान रजा खां से हुई थी। शादी के पहले साल से ही दोनों में विवाद पैदा हो गया। फरवरी 2016 को शौहर ने तलाक दे दिया। निदा ने कानून का सहारा लिया। बरेली की अदालत ने निदा को शौहर द्वारा दिए गए तीन तलाक को अवैध घोषित कर दिया। अदालत ने इंस्टैंट तीन तलाक की शिकार निदा के शौहर की याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उसने घरेलू हिंसा के केस पर स्टे लगाने की मांग की थी। निदा आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी बनाकर अपनी जैसी महिलाओं की लड़ाई लड़ रही हैं।