7 दिन बाद भी सेंटिनल द्वीप पर नहीं घुस पाई पुलिस, अमेरिकी युवक का शव मिलने की उम्मीद हुई कम
घटना के 7 दिन बीतने के बाद भी सेना और पुलिस के अधिकारी चाऊ का शव ढूंढ नहीं पाए हैं
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तरी सेंटिनल द्वीप पर आदिवासियों (सेंटीनलीज) के हाथों जान गंवाने वाले अमेरिकी युवक जॉन एलन चाऊ का शव मिलने की उम्मीद काफी कम हो गई है। चाऊ ने 16 नवंबर को सेंटिनल द्वीप पर कदम रखा था। उस वक्त आदिवासियों ने तीर-कमान से उसकी हत्या कर दी थी।चाऊ का शव ढूंढने के लिए स्थानीय प्रशासन ने हेलिकॉप्टर भी भेजा, लेकिन आदिवासियों के हमले के कारण वह द्वीप में उतर नहीं सका था। घटना के 7 दिन बीतने के बाद भी सेना और पुलिस के अधिकारी चाऊ का शव ढूंढ नहीं पाए हैं।विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इस द्वीप में बार-बार घुसने की कोशिश होगी तो संरक्षित जनजाति को खतरा हो सकता है। जनजातीय अधिकारों के विशेषज्ञों का मानना है कि इन आदिवासियों को हत्यारा नहीं कहा जा सकता। इसके अलावा चाऊ का शव न मिलना दुनिया की आखिरी प्री-नियोलिथिक जनजाति की सुरक्षा के लिए जरूरी है।विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय अधिकारी भी उत्तरी सेंटिनल द्वीप में अपना शासन लागू करने की कोशिश नहीं करते हैं। साथ ही, उन्होंने पुलिस को भेजकर आदिवासियों कभी यह सवाल भी नहीं पूछा कि वे बाहरियों के साथ कई सदियों से शत्रुता का व्यवहार क्यों करते हैं। अंडमान पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को चाऊ की हत्या के बाद से अब तक दो बार नाव को शव की खोज में भेज चुके हैं, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उन्होंने बताया कि शव को ढूंढने जाने वाली टीम को यह भी हिदायत दी गई है कि उनकी वजह से आदिवासी किसी भी तरह परेशान न हों।