(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बड़ा हादसा हो गया है। जिले के चितरंगी गढ़वा थाना इलाके के खैड़ोर गांव में दो साल का बच्चा 70 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया है। बताया जा रहा है कि सुबह खेलते वक्त यह बच्चा बोरवेल में जा गिरा है। यह बोरवेल भी उसी के पिता का है। बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर के बाद आस-पास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बच्चे को बोरवेल से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। बोरवेल के पास जेसीबी की मदद से एक गड्ढा खोदा जा रहा है। बोरलवेल में बच्चा कितनी दूरी पर जाकर फंसा है, फिलहाल इस बात की खबर नहीं लग पाई है। उधर बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन का कहना है कि बच्चे को बचाने के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है, राहत और बचाव दल को मौके पर बुला लिया गया है, जो बच्चे को बोरवेल से निकलने की कोशिश में जुट गए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी और टीम से मदद की जरूरत हो गई तो उसे भी बुला लिया जाएगा। फिलहाल मौके पर गड्ढा खोदा जा रहा है। देश में इससे पहले भी बोरवेल में गिरने से कई बच्चों की जान जा चुकी है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कुछ गाइडलाइंस भी जारी किए थे। लेकिन कोर्ट की गाइडलाइन्स के बावजूद लोग लापरवाही बरते हैं और बोरवेल को खुले में छोड़ देते हैं, जिसकी वजह से इस तरह के हादसे हो जाते हैं।