पीएम मोदी पहुंचें केदारनाथ, कपाट बंद होने के मौके पर करेंगे शिव की पूजा

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्‍तराखंड पहुंच गए हैं। देहरादून में उत्तराखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी केदारनाथ मंदिर में लगभग 20 मिनट पूजा करेंगे और इसके बाद 5 योजनाओं की शुरुआत करेंगे। पीएम की यात्रा से पहले केदारनाथ धाम एसपीजी के हवाले कर दिया गया था।

पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे को लेकर केदारपुरी में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने मोर्चा संभाल लिया है। डीएम, एसपी समेत जिले के तीन सौ से अधिक अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी के लिए केदारनाथ पहुंच चुके हैं। पूरी केदारपुरी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। केदारनाथ मंदिर को 10 क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है। बुधवार को एसपीजी के आइजी एमपी गुप्ता ने केदारनाथ में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं सेना के हेलीकॉप्टर ने भी बुधवार को ट्रायल उड़ान भरी।

केदारनाथ के कपाट बंद होने से एक दिन पहले 20 अक्टूबर यानि आज पीएम मोदी केदारनाथ पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन एक सप्ताह से तैयारी में जुटा हुआ है। बुधवार को आइजी (एसपीजी) एमपी गुप्ता ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी अधिकारियों व जवानों की ब्रीफ्रिंग की। इसके साथ ही उन्होंने एमआइ-17 हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग का भी निरीक्षण किया।

आइजी ने सभी अधिकारियों और जवानों को प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने आइजी एसपीजी को सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए सेफ हाउस, पैदल मार्ग पर बेरीकेडिंग की स्थिति, विश्राम कक्ष के साथ ही जलपान व भोजन की व्यवस्था की भी पूरी जानकारी दी।

Leave A Reply