श्रीनगर : कश्मीर में बीते कई दिनों से चली आ रही अशांति को खत्म करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के केंद्र सरकार के प्रयास के तहत गृह मंत्री राजनाथ सिंह एक महीने के भीतर दूसरी बार आज घाटी पहुंचे और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बातचीत की। इस दौरान उनसे आग्रह किया गया कि केंद्र को जम्मू-कश्मीर के सामने खड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित पक्षों से बातचीत शुरू करनी चाहिए।
श्रीनगर रवाना होने से पहले सिंह ने ‘कश्मीरियत, इंसानियत और जम्हूरियत’ में यकीन रखने वाले सभी लोगों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया और कहा कि वह कश्मीर में सभी संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करेंगे। उनका दौरा उस दिन हुआ जब पुलवामा जिले में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के साथ ताजा झड़पें हुई जिसमें एक युवक मारा गया। कश्मीर घाटी में बीते 8 जुलाई से चली आ रही अशांति में मरने वालों की संख्या 66 हो गई है।
कड़ी सुरक्षा के बीच सिंह दो दिन के दौरे पर श्रीनगर पहुंचे हैं। शहर की सड़कों पर अर्धसैनिकों बलों का कड़ा पहरा था जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि कोई प्रदर्शनकारी गृह मंत्री के रास्ते में नहीं आए। नेहरू गेस्ट हाउस पहुंचने के तत्काल बाद सिंह ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और जरूरी वस्तुओं से संबधित प्रशासन के अलग-अलग विभागों के साथ बैठक की। उनके साथ गृह सचिव राजीव महर्षि और दूसरे अधिकारी भी घाटी पहुंचे हैं।
