नई दिल्ली. एक जनवरी से अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के लिए नया आधार लिंकिंग फॉर्म मिलेगा। बीमा रेग्युलेटर पीएफआरडीए ने एपीवाई सर्विस प्रोवाइडर्स से कहा है कि वे सब्सक्राइबर के अकाउंट आधार से लिंक करने के लिए नए फॉर्म का इस्तेमाल करें। सरकार के सोशल सिक्युरिटी प्रोग्राम के तहत अटल पेंशन योजना एक गारंटीड पेंशन स्कीम है।
पेंशन फंड रेग्युलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) ने सर्कुलर में कहा है कि फाइनेंस मिनिस्ट्री के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज और एपीवाई सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ अटल पेंशन अकाउंट्स को आधार से लिंक कराने और अथॉटिकेशन को लेकर कई बार मीटिंग हुई। इस तरह की आखिरी मीटिंग एक महीने पहले पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के अधिकारियों के साथ हुई थी।
जरूरत के अनुसार फॉर्म हुआ मॉडिफाई
सर्कुलर में कहा गया है कि अटल पेंशन योजना सब्सक्राइबर रजिस्ट्रेशन फॉर्म को जरूरत के अनुसार मॉडिफाई कर दिया गया है, जिससे कि आधार लिंकिंग के लिए अकाउंटहोल्डर की मंजूरी मिल सके। सर्कुलर के अनुसार, सभी एपीवाई सर्विस प्रोवाइडर को जनवरी 2018 से संशोधित फॉर्म का इस्तेमाल करने और उसके अनुसार डिटेल हासिल करने के लिए कहा गया है।
आधार डिटेल देना है जरूरी
आधार की जानकारी लेने के बाद सर्विस प्रोवाइडर्स को इसे रिकॉर्ड रखने वाली सेंट्रल एजेंसी के यहां अपलोड करना होगा। आधार कानून के अनुसार, अटल पेंशन योजना के तहत बेनेफिट हासिल करने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आधार नंबर या आधार इन्रोलमेंट नंबर बतौर प्रूफ देना होगा।
सभी बैंक अकाउंट होल्डर्स के लिए है एपीवाई
अटल पेंशन योजना सभी बैंक अकाउंट होल्डर्स के लिए खुली है। सरकार भी इसमें कुल सालाना कंट्रीब्यूशन या 1000 रुपए (जो भी कम हो) तक का 50 फीसदी पांच साल की अवधि के लिए देती है। यह लाभ उन्हें मिलेगा, जिन्होंने 31 दिसंबर 2015 से पहले यह सोशल सिक्युरिटी स्कीम ली है।
मिनिमम 5000 तक फिक्स पेंशन
अटल पेंशन योजना के तहत, सब्सक्राइबर को 1000 से 5000 रुपए तक प्रति माह फिक्स्ड मिनिमम पेंशन मिलेगा। यह पेंशन 60 साल की उम्र पूरी होने पर मिलेगा। पेंशन की रकम सब्सक्राइबर के कंट्रीब्यूशन पर निर्भर करेगी। अटल पेंशन योजना अकाउंट खोलने के लिए बैंक ब्रॉन्च या पोस्ट ऑफिसेस, जहां भी आपका सेविंग अकाउंट हो संपर्क कर सकते हैं।