RBI: बाज़ार में आयेगा 350 का सिक्का

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ):जो लोग दो रुपये, एक रुपये, पांच रुपये आैर 10 रुपये के सिक्के लेने से गुरेज करते हैं आैर ग्राहकों के साथ इन सिक्कों को लेने से मनाही करने पर काफी देर तक बहस करते हैं, वे सावधान हो जायें. देश के लोगों को भारतीय मुद्रा के रूप में बाजारों में प्रचलित सिक्कों से फिलहाल छुटकारा मिलने की सूरत तो नजर नहीं ही आ रहा है. आपको यह भी बता दें कि एक, दो आैर पांच रुपये के नोटों आैर सिक्कों को छोड़कर बाकी के बड़ी राशि वाले नोटों को जारी करने वाला रिजर्व बैंक अब जल्द ही आपकी जेब में 350 रुपये का सिक्का खनका सकता है. इसके लिए भारत के केंद्रीय बैंक की आेर से तैयारी करीब-करीब पूरी कर ली गयी है.

भारतीय रिजर्व बैंक के हवाले से मीडिया में छनकर आ रही खबरों के अनुसार, रिजर्व बैंक 350 रुपये के इस सिक्के को गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाशोत्सव पर आम जनता के लिए बाजार में पेश करेगा. मीडिया की खबरों में यह भी बताया जा रहा है कि कि रिजर्व बैंक 350 रुपये के इस सिक्के को बहुत ही छोटी अवधि के लिए जारी करेगा. हालांकि, रिजर्व बैंक की आेर से इस तरह के सिक्के खास अवसरों पर भी जारी किये जाते हैं.

खबरों में यह बताया जा रहा है कि 350 रुपये का यह सिक्का 44 एमएम का होगा. इसमें चांदी, कॉपर, निकल और जिंक मिला हुआ होगा. सिक्के के आगे के हिस्से में अशोक स्तंभ होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा होगा. इसके साथ ही, इस सिक्के के दोनों तरफ अंग्रेजी में इंडिया और देवनागरी लिपि में भारत लिखा होगा. इसी हिस्से पर रुपये का सिंबल और बीच में 350 लिखा होगा. वहीं, सिक्के के पीछे के हिस्से पर अंग्रेजी और देवनागरी में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश उत्सव लिखा होगा. इस पर 1666-2016 भी लिखा होगा.
रिजर्व बैंक की आेर से जारी की गयी अधिसूचना के अनुसार, सिक्के का वजन 34.65 से लेकर 35.35 ग्राम के बीच होगा. फिलहाल केंद्रीय बैंक की ओर से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी है कि बाजार में कितने सिक्के जारी किये जायेंगे. रिजर्व बैंक की ओर से पेश किये जाने वाले 350 रुपये के सिक्के में चांदी 50 फीसदी, कॉपर 40 फीसदी, निकेल पांच फीसदी और जिंक की मात्रा पांच फीसदी होगी.

Leave A Reply