(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : महिला के साथ सरेराह अश्लील हरकत करने वाले मनचले की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। मनचले युवक ने पहले महिला के साथ अश्लील हरकत की, इसके बाद उसने एक युवती के साथ भी बदतमीजी की। पीड़ित महिला मनचले को पकड़ कर शोर मचाने लगी, तभी वहां से गुजर रहे लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला (32) परिवार के साथ विजय विहार-2 में रहती है। वह मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे किसी काम से रोहिणी जा रही थीं। पीड़िता के मुताबिक, रोहिणी सेक्टर-5 स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहा एक युवक उनके साथ अश्लील हरकत करने लगा, और मौके से फरार गया। वहीं कुछ दूरी पर खड़ी एक युवती से भी अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के मुताबिक, इसके बाद उसने मनचले को दबोच लिया और शोर मचाने लगीं। शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित महिला ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित महिला और युवक को विजय विहार थाने लेकर गई। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय रोहित के रूप में हुई। पीड़ित महिला का आरोप है कि पुलिस मामला दर्ज करने के बदले धमकाती रही। युवक के घायल होने का हवाला देते हुए कहा कि उलटे उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा। लेकिन जब मामला रोहिणी डीसीपी रजनीश गुप्ता के संज्ञान में आया तो विजय विहार पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज करना पड़ा। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।