जम्मू कश्मीर के शोपियां में लश्कर के चार और आतंकी ढेर, स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा बलों पर किया पथराव !

शोपियां में मुठभेड़ की खबर फैलते ही स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा बलों पर पथराव कर आपरेशन में रुकावट डालने की कोशिश की

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों ने 10 घंटे चली मुठभेड़ में शनिवार को लश्कर के चार और आतंकियों को मार गिराया। इसी ग्रुप के एक आतंकी को शुक्रवार देर रात ढेर किया गया था। छह अन्य भागने में कामयाब रहे। शोपियां में मुठभेड़ की खबर फैलते ही स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा बलों पर पथराव कर आपरेशन में रुकावट डालने की कोशिश की। वहीं, शोपियां के मलिकगुंड में आतंकियों के जनाजे के बाद हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने जवानों पर पथराव किया और फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलवामा के एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। शोपियां के किलूरा गांव में लश्कर के एक बड़े ग्रुप की मौजूदगी की सूचना पर सेना की 44 राष्ट्रीय राइफ ल्स, एसओजी और सीआरपीएफ  के जवानों ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे आतंकियों का ठिकाना बने मकान को घेर लिया। एक आतंकी ने फायरिंग करते हुए अन्य साथियों को भगाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने आतंकी उमर मलिक (मलिकगुंड निवासी) को शुक्रवार रात ही ढेर कर दिया। शनिवार सुबह फिर शुरू हुए ऑपरेशन में मारे गए चार आतंकियों में गनावपोरा का अर्शिद अहमद, मलिकगुंड का वकार अहमद, लोस्दंयु का एजाज अहमद व जफ र पॉल थे। मुठभेड़ में रुकावट डालने के लिए पथराव कर रही भीड़ पर सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे और हवाई फायरिंग भी की। इसमें करीब दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। शुरुआत में एक युवक के मारे जाने की खबर मिली थी, जिसे पुलिस ने खारिज कर दिया।
घाटी में पिछले 48 घंटों में सुरक्षा बलों ने तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में 9 आतंकियों को मार गिराया है। शोपियां से पहले उत्तरी कश्मीर के सोपोर व कुपवाड़ा में दो-दो आतंकी ढेर किए गए थे।

Leave A Reply