पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की तबियत नाजुक
प्रधानमंत्री के अलावा कई और केंद्रीय मंत्रियों ने अस्पताल जाकर वाजपेयी के हेल्थ की जानकारी ली। पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर वाजपेयी के दीर्घायु होने की कामना की।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत को लेकर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की तरफ से कहा गया है कि उनकी हालत नाजुक है, पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ है। थोड़ी देर में एम्स की ओर से हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा। गुरुवार सुबह से ही लोगों के एम्स आने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 6।30 बजे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू एम्स पहुंचे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वाजपेयी की तबीयत में अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। अस्पताल के बाहर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद पीएम मोदी ने दौरा कर वाजपेयी जी का हाल जाना। अस्पताल में वाजपेयी जी को वेंटिलेटर पर रखा गया है। पीएम मोदी करीब 50 मिनट तक एम्स में रहे। प्रधानमंत्री के अलावा कई और केंद्रीय मंत्रियों ने अस्पताल जाकर वाजपेयी के हेल्थ की जानकारी ली। पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर वाजपेयी के दीर्घायु होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देखने AIIMS पहुंचे। उनके बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी पूर्व पीएम को देखने एम्स पहुंचे। इनके अलावा सुरेश प्रभु, हर्षवर्धन, जितेंद्र सिंह, शाहनवाज हुसैन भी वाजपेयी को देखने पहुंचे। पीएम से पहले स्मृति ईरानी भी वाजपेयी को देखने एम्स पहुंचीं। पीएम मोदी रोजाना अटल बिहारी वाजपेयी की मेडिकल कंडीशन की जानकारी ले रहे हैं। 93 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता वाजपेयी बीते 11 जून से अस्पताल में भर्ती हैं। पीएम मोदी से पहले बुधवार शाम को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एम्स का दौरा किया।