IPL: तीन साल बाद वही खलील, वही कीमो पॉल और नतीजा भी वही

दिल्ली ने बुधवार को बेहद रोमांचक मैच में हैदराबाद को 2 विकेट से मात दी।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2019 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है। दिल्ली ने बुधवार को बेहद रोमांचक मैच में हैदराबाद को 2 विकेट से मात दी। क्वालीफायर-2 में दिल्ली की भिड़ंत अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ होगी और इसमें जीतने वाली टीम 12 मई को मुंबई इंडियंस के साथ फाइनल मैच खेलेगी। पंत की आतिशबाजी के कारण ये मुकाबला दिल्ली के पक्ष में जाता दिख रहा था तभी खलील अहमद ने इस एकतरफा मुकाबले में जान फूंक दी। हालांकि, सनराइजर्स को अंत में हार का सामना करना पड़ा। खलील ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका देने से पहले चार गेंदें बेहद ही शानदार फेंकी लेकिन कीमो पॉल ने पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर दिल्ली को क्वालीफायर-2 में पहुंचा दिया। इस मैच के आखिरी ओवर में एक बेहद ही दिलचस्प चीज देखने को मिली जब खलील अहमद और कीमो पॉल आमने-सामने थे। इन दोनों को साथ में देखकर 2016 अंडर-19 विश्व कप की यादें ताजा हो गई। दरअसल, ये पहली बार नहीं था कि ये दोनों खिलाड़ी आखिरी ओवर में आमने-सामने थे। इससे पहले भी ये दोनों युवा खिलाड़ी अंडर-19 विश्व कप 2016 के फाइनल मुकाबले में आखिरी ओवर में आमने-सामने थे। दिलचस्प बात ये है कि उस मुकाबले में भी बाजी कीमो पॉल के हाथ ही लगी थी। अंडर 19 विश्व कप के रोमांचक फाइनल मुकाबले में कीमो पॉल ने खलील अहमद की गेंद पर ही आखिरी रन बनाकर वेस्टइंडीज को विश्व कप चैंपियन बनाया था। 14 फरवरी, 2016 को खेले गए उस मुकाबले में वेस्टइंडीज अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। इस मैच में भारत की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। पूरी टीम सिर्फ 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। एक आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही थी। कैरेबियाई टीम एक समय 146 के लक्ष्य से दूर नजर आ रही थी लेकिन गिरते-पड़ते वेस्टइंडीज की टीम ने 49.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया था और विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। उस समय भी आखिरी ओवर में खलील गेंदबाजी कर रहे थे और बल्लेबाजी कैरेबियाई ऑलराउंडर कीमो पॉल कर रहे थे। कीमो पॉल ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर वेस्टइंडीज को चैंपियन बना दिया।

Leave A Reply