ट्रंप पर महाभियोग चलाने की मांग, एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला पत्र संसद में पेश
एल ग्रीन और पहली बार सांसद बनीं राशिदा तालिब ने अपनी मांग के समर्थन में एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला पत्र गुरुवार को संसद में पेश किए।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अमेरिका में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के दो सांसदों ने फिर से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर महाभियोग चलाने की मांग की है। एल ग्रीन और पहली बार सांसद बनीं राशिदा तालिब ने अपनी मांग के समर्थन में एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला पत्र गुरुवार को संसद में पेश किए। ग्रीन ने कहा, ‘अब हमारे पास अपनी मांग रखने की दस करोड़ वजहें हैं।’मूव ऑन और वूमेंस मार्च समेत कई संगठनों ने हस्ताक्षर इकट्ठा कर राशिदा को सौंपा था। उन्होंने कहा कि ये हस्ताक्षर इस मुश्किल घड़ी में उम्मीद की किरण हैं। 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप व रूस की सांठगांठ की जांच कर रहे विशेष काउंसिल राबर्ट मूलर की रिपोर्ट आने के बाद ट्रंप ने खुद को दोष मुक्त करार कर दिया है।हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं का कहना है कि रिपोर्ट में कई बार ट्रंप द्वारा कानून का उल्लंघन करने की चर्चा है। इसी को लेकर वह ट्रंप के खिलाफ फिर से जांच करने और महाभियोग चलाए जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं डेमोक्रेट नेता और निचले सदन की स्पीकर ने इससे बचने की सलाह दी है। उनके अनुसार ऐसा करने से देश दो भाग में बंट सकता है और यह कदम 2020 के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए नुकसान का सौदा भी साबित हो सकता है।