योगी सरकार ने गौहत्या को लेकर अधिकारियों को किया सतर्क ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद के मद्देनजर गौ हत्या पर अधिकारियों को सतर्क किया हैं ।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद के मद्देनजर गौ हत्या पर अधिकारियों को सतर्क किया हैं । साथ ही कोई नई परंपरा न शुरू होने पाए। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास से आगामी त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वीडियो कांफ्रेंसिंग कर ये निर्देश दिए। उन्होंने बकरीद, सावन के अंतिम सोमवार, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के मौके पर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बकरीद और सावन का अंतिम सोमवार एक ही दिन है, इसलिए अधिकारी खास सतर्क रहें। उनकी जिम्मेदारी है कि त्योहारों को शांति पूर्वक संपन्न कराया जाए। सुरक्षा चाक-चौबंद रहे। कोई अप्रिय घटना न होने पाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रहे। परंपरा के विपरीत किसी भी काम को करने की मंजूरी न दी जाए। उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी जाए। थाना स्तर पर शांति कमेटियों की बैठकें करके आपसी संवाद स्थापित किया जाए। महिलाओं के प्रति किसी प्रकार की छेड़खानी न होने पाए। उनके साथ दुर्व्यवहार और आपराधिक घटनाओं को हर हाल में रोका जाए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। साफ-सफाई का खास प्रबंध किया जाए। बिना रुकावट बिजली आपूर्ति की जाए। श्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों और अपराधों के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाती है। साथ ही उन्होंने भाईचारे और प्रेम के साथ त्योहारों को मानाने कि बात कही ।