(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): यूक्रेन पर रूसी हमले के बढ़ती आशंका के बीच अमेरिका ने फैसला किया है कि वह यूक्रेनी सैनिकों को प्रशिक्षण दे रहे अपने सैन्य अधिकारियों को लौटने के लिए कहेगा। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने दावा किया है कि फ्लोरिडा नेशनल गार्ड के 150 से ज्यादा जवान यूक्रेन से बाहर निकाले जाएंगे। बाइडन प्रशासन के दो अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से यूक्रेन से कुछ राजनयिकों को निकालने के फैसले के बाद ही रक्षा मंत्रालय ने यह फैसला किया। हालांकि, अफसरों ने यह नहीं बताया कि यूक्रेन से निकाले जाने के बाद यह अफसर कहां तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा यह भी नहीं साफ है कि फिलहाल यूक्रेन में तैनात अमेरिकी स्पेशल ऑपरेशन फोर्सेज की छोटी टुकड़ी कहां रहेगी। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि बाइडन प्रशासन ने यह कदम काफी सतर्कता बरतते हुए उठाया है। यूक्रेन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। रूस से सटी सीमा पर युद्ध जैसे हालात पनप रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि, रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला बोल सकता है, इसके बाद विश्व युद्ध जैसे हालात होने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इसके संकेत पहले ही दे चुके हैं। इस बीच न्यूजीलैंड ने भी अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। न्यूजीलैंड के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि यूक्रेन में बसे उसके नागरिक तुरंत देश छोड़कर अपने मुल्क वापस चले आएं। अमेरिका और न्यूजीलैंड के अलावा इस सप्ताह की शुरुआत में, ऑस्ट्रेलिया, जापान, नीदरलैंड और दक्षिण कोरिया भी अपने नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह दे चुके हैं। दरअसल, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने दावा किया है कि रूस बीजिंग ओलंपिक के अंत से पहले ही अपने पड़ोसी देश पर हमला कर सकता है। हालांकि, रूस इन आरोपों का बार-बार खंडन कर रहा है।