लद्दाख के लेह में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता

(न्यूज़लाइवनाउ-Ladak) सोमवार को लद्दाख के लेह इलाके में जोरदार भूकंप महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 5.7 दर्ज की गई। यह झटका सुबह 11:51:14 बजे (भारतीय समयानुसार) महसूस हुआ। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 171 किलोमीटर नीचे स्थित था।

एनसीएस की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 36.71 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.32 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जो लेह, लद्दाख क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

फिलहाल किसी नुकसान की खबर नहीं

भूकंप के बाद अभी तक किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के दिनों में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई हिस्सों में भूकंपीय गतिविधियां तेज हुई हैं, और लद्दाख में आया यह झटका उसी क्रम का हिस्सा हो सकता है।

दिल्ली में भी महसूस हुआ हल्का कंपन

सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई। एनसीएस के मुताबिक, इसका केंद्र उत्तर दिल्ली में था और यह सुबह 8:44 बजे दर्ज किया गया।

बताया गया है कि भूकंप का फोकस जमीन की सतह के बेहद करीब, मात्र 5 किलोमीटर की गहराई पर था, जिससे हल्का कंपन महसूस हुआ।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

Comments are closed.