पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट में हथियारबंद बदमाशों द्वारा बंदूक के दम पर XUV कार लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर रात पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे के नजदीक डाउनटाउन इलाके में बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है।
लूट के बाद लखनपुर की तरफ ले गए कार
जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने बंदूक की नोक पर एक XUV कार अपने कब्जे में ले ली और वारदात के बाद उसे लखनपुर की दिशा में ले गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं।
पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा पर सघन चेकिंग
कार लूट की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पठानकोट से लेकर जम्मू-कश्मीर तक अंतरराज्यीय सीमा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा कर्मियों को विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लूटी गई गाड़ी का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी गतिविधि में किए जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Comments are closed.