उड़ान भरते ही बिगड़ी इंडिगो विमान की लैंडिंग गियर प्रणाली, 192 यात्रियों को लेकर पुणे लौटी फ्लाइट; सभी सुरक्षित

पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर की ओर नहीं सिमट पाया, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। एहतियातन विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया। इस विमान में यात्रियों और क्रू सदस्यों समेत कुल 192 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

लैंडिंग से पहले घोषित की गई फुल इमरजेंसी

यह घटना रविवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 के साथ हुई। विमान के उड़ान भरने के बाद लैंडिंग गियर अपनी निर्धारित स्थिति में वापस नहीं जा सका और बाहर ही खुला रहा। पायलट से जानकारी मिलते ही पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने ATC, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू कर दिया।

पुणे एयरपोर्ट का प्रबंधन संभाल रही भारतीय वायुसेना ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। इसके बाद निर्धारित आपातकालीन इंतजाम सक्रिय कर दिए गए। दमकल की गाड़ियों, एंबुलेंस और बचाव दलों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया।

रनवे के ऊपर से गुजरा विमान, फिर सुरक्षित हुई लैंडिंग

सुरक्षा के मद्देनजर विमान को रनवे के ऊपर से नीचे की ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके। जांच के बाद विमान ने सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

जमीन पर उतरने के बाद तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की स्थिति सामान्य पाए जाने पर सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर ATC ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली। इसके बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था

घटना के बाद इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों की आगे की यात्रा पूरी कराने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे लाने की व्यवस्था शुरू की। इसी विमान के जरिए यात्रियों को उनके गंतव्य गुवाहाटी तक पहुंचाने की योजना बनाई गई।

एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। सभी 192 यात्रियों और क्रू सदस्यों के सुरक्षित रहने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Comments are closed.