ताजमहल परिसर में किया गया शिव चालीसा का सामूहिक पाठ

नई दिल्ली। ताजमहल को लेकर चल रहे विवादों के बीच हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्मारक के अंदर शिव चालीसा का पाठ किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने सभी को पकड़ लिया। बाद में लिखित माफीनामा देने पर छोड़ दिया। इस दल का नेतृत्व करने वाले दीपक शर्मा का नाम वकील प्रशांत भूषण पर स्याही फेंकने और जम्मू-कश्मीर के विधायक इंजीनियर रशीद के मुंह पर कालिख पोतने के मामले में पहले भी चर्चा में आ चुका है।

अलीगढ़ व हाथरस के करीब आधा दर्जन युवा दोपहर डेढ़ बजे के करीब वीडियो प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और जोर-जोर से शिव चालीसा का पाठ करने लगे। रोकने पर उनकी सीआईएसएफ जवानों और एएसआई कर्मियों से तकरार हुई। सीआईएसएफ जवान उन्हें गेस्ट रूम ले गए। वहां लिखित माफीनामा लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

इनमें हाथरस निवासी राष्ट्रीय स्वाभिमान दल का दीपक शर्मा, हिंदू युवा वाहिनी अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष भारत गोस्वामी, हाथरस निवासी शशांक, शिवम पंडित, अलीग़़ढ निवासी उदित अवस्थी तथा अनुज राणा शामिल थे।

कुछ दिन पहले हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज का कहा था कि ताजमहल एक ख़ूबसूरत कब्रिस्तान है और इसीलिए घरों में ताजमहल का मॉडल रखना अशुभ मानते हैं। विज ने यह बात अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कही थी। जाहिर है, इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आनी तय थीं। उनके ट्वीट के जवाब में लोग धड़ाधड़ ट्वीट करने लगे। एक यूज़र ने कहा कि ताजमहल एक भारत की मिसाल है. भारत को ताजमहल से लोग पहचानते हैं।

Leave A Reply