(न्यूज़लाइवनाउ-India) लेह में छठी अनुसूची और राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) देने की मांग को लेकर जारी बंद अचानक उग्र हो गया।
सुरक्षा वाहन को आग के हवाले कर दिया
स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे। आंदोलनकारियों ने भाजपा कार्यालय के बाहर खड़े एक सुरक्षा वाहन को आग के हवाले कर दिया। इस बीच सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रही भूख हड़ताल 35वें दिन में प्रवेश कर चुकी है।
लद्दाख को विशेष दर्जा और राज्य का स्वरूप दिलाने की मांग को लेकर बुलाए गए इस बंद व विशाल प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण बन गए। कुछ युवाओं के हिंसक हो जाने के बाद पुलिस को कठोर कार्रवाई करनी पड़ी।
प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार और आंदोलनकारियों के बीच प्रस्तावित वार्ता को शीघ्र आयोजित करने की मांग था। लेह एपेक्स बॉडी और करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के नेताओं की केंद्र से होने वाली बैठक 6 अक्तूबर को तय है, लेकिन आंदोलनकारी चाहते हैं कि यह चर्चा जल्द हो और ठोस निष्कर्ष सामने आएं।
यह बंद लेह एपेक्स बॉडी की युवा इकाई ने तब बुलाया, जब 35 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे 15 में से दो उपवासियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पर्यावरणविद सोनम वांगचुक इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं, जिनकी प्रमुख मांग है कि लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय के समीप हिंसा फैलने पर एक सुरक्षा वाहन जलाकर राख कर दिया गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
सरकार और प्रशासन ने जनता से संयम बनाए रखने की अपील की है तथा उम्मीद जताई है कि संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से इस मुद्दे का हल निकाला जाएगा।
Comments are closed.