अमित शाह ने घायलों का हाल जाना, अधिकारियों से ली विस्तृत ब्रीफिंग; धमाके से प्रभावित लोगों की सूची सार्वजनिक
(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) दिल्ली में लाल किले के निकट सोमवार शाम लगभग सात बजे एक कार में भीषण विस्फोट हुआ। धमाके के साथ ही आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग भड़क उठी और इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और फॉरेंसिक जांच तेज कर दी गई है।घटना के बाद दिल्ली-एनसीआर में उच्च सतर्कता लागू कर दी गई है।
दिल्ली धमाके के बाद NCR में पहरा कड़ा
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास वाहन में हुए धमाके के बाद नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक पुलिस तंत्र को हाई-अलर्ट पर रखा गया है। मॉल, बस अड्डे, मेट्रो स्टेशनों, प्रमुख मार्केट्स, होटल्स और भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।
गाज़ियाबाद, फरीदाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीमाओं पर संदिग्ध वाहनों की कड़ी जांच जारी है और सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कमिश्नर सतीश गोलचा ने जानकारी देते हुए कहा,“शाम 6:52 बजे एक धीमी गति से चल रही कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी, तभी उसमें विस्फोट हो गया। धमाके के असर से आसपास मौजूद दूसरी गाड़ियों को भी भारी क्षति हुई है। कई एजेंसियां—FSL, NIA सहित—मौके पर जांच में जुटी हैं। घटना में कुछ लोगों की जान गई है और कुछ लोग घायल हैं। स्थिति पर लगातार पैनी निगाह रखी जा रही है। गृह मंत्री ने समीक्षा बैठक बुलाई है और उन्हें लगातार अपडेट दिया जा रहा है।”
चांदनी चौक बाजार एक दिन बंद रहेगा
चांदनी चौक मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने घोषणा की कि लाल किले के पास हुए धमाके की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को पूरा बाजार बंद रखा जाएगा।
Comments are closed.