पडोसी से विवाद के चलते 6 साल के बच्चे को मारी गोली, आरोपी गोली मारकर फरार

आर्मी में सफाई कर्मचारी के 6 वर्षीय पुत्र को खुद को दारोगा बताने वाले पड़ोसी ने गोली मार दी। पीड़ित परिवार ने मासूम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली सिर में लगने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद आरोपी की पत्नी मासूम को उसके घर के सामने फेंक कर फरार हो गई, मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मेरठ के सैनिक विहार में आर्मी में सफाई कर्मचारी के 6 वर्षीय पुत्र को खुद को दारोगा बताने वाले पड़ोसी ने गोली मार दी। पीड़ित परिवार ने मासूम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली सिर में लगने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद आरोपी की पत्नी मासूम को उसके घर के सामने फेंक कर फरार हो गई। आरोपी के मकान पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र सैनिक विहार निवासी सोनी आर्मी में सफाई कर्मचारी है। आरोप है कि उसके पड़ोस में रहने वाला जयकरण खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा बताता है। बच्चों की कहासुनी को लेकर कुछ समय पूर्व सोनी की जयकरण से कहासुनी हो गई थी। इसी से रंजिश रखते हुए आरोपी जयकरण, सफाई कर्मचारी सोनी के 6 वर्षीय पुत्र शिवम को अपने घर ले गया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने के कारण मासूम शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद आरोपी की पत्नी मासूम को उसके घर के बाहर फेंक कर फरार हो गई। मासूम के चीखने की आवाज सुनकर परिवार वालों में हाहाकार मच गया। गंभीर हालत में मासूम शिवम को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा गया जहां शिवम की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पीड़ित परिवार ने आरोपी जयकरण के मकान पर जमकर हंगामा कर दिया। लेकिन उससे पहले ही आरोपी अपने मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जयकरण पीआरडी में जवान के पद पर तैनात है और उसने कुछ समय पूर्व लिसाड़ी गेट के एक युवक से मकान खाली कराने के नाम पर 2 लाख ले लिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया था। लेकिन उसके बाद भी खुद को दरोगा बताकर रौब गालिब करता है। थाना प्रभारी कंकरखेड़ा अजय कुमार का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Comments are closed.