(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के लिए जारी दूसरे चरण के शेड्यूल में भी हिमाचल को मायूसी हाथ लगी है। आईपीएल की अधिकारिक वेबसाइट पर आईपीएल-2019 का दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसमें एचपीसीए के धर्मशाला स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को एक भी मैच की मेजबानी नहीं मिली है।इससे पूर्व 19 फरवरी को आईपीएल के 12वें संस्करण का दो सप्ताह का पहले चरण का शेड्यूल जारी हुआ था। इसमें भी धर्मशाला स्टेडियम को कोई मैच नहीं मिला था। हालांकि, अभी तक प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल जारी होना है। लेकिन, आईपीएल के पहले दो चरणों के शेड्यूल में हिमाचल को मायूसी हाथ लगी है। कयास यह भी लगाए जा रहे थे कि लोस चुनावों के चलते धर्मशाला को पांच सालों बाद मेजबानी का मौका मिल सकता है, लेकिन इस बार भी मेजबानी का मौका न मिलने से क्रिकेट प्रेमियों में मायूसी छा गई है। किंग्स इलेवन पंजाब ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड घोषित किया था। ऐसे में धर्मशाला में साल 2010 से 2013 तक लगातार आईपीएल मैचों की मेजबानी की गई लेकिन साल 2013 के बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने धर्मशाला स्टेडियम को एक बार भी होम ग्राउंड का दर्जा नहीं दिया है। वहीं इसके बाद धर्मशाला में आईपीएल भी नहीं हो पाया है।