झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन, चेन्‍नई में ली अपनी अंतिम सांस, हेमंत सोरेन ने दी जानकारी

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्‍होंने चेन्‍नई में इलाज के दौरान अपनी अंतिम सांस ली।

(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्‍होंने चेन्‍नई में इलाज के दौरान अपनी अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि उनकी तबीयत पिछले काफी लंबे समय से खराब चल रही थी। बीते महीने एक रात जब उनकी हालत कुछ ज्‍यादा बिगड़ गई, तो सबसे पहले मंत्री को रांची के पारस हॉस्‍पिटल में एडमिट कराया गया। बाद में उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया था। जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 में विधायक चुने गए थे। वह कई बार झारखंड विधानसभा के सदस्य रहे।

वहीं, दूसरी ओर शिक्षा मंत्री महतो के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे । आज झारखंड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने भी निधन पर दुख प्रकट किया है और कहा कि वह एक जुझारू और आंदोलनकारी नेता थे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिक्षा मंत्री महतो के आकस्मिक निधन दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।

Comments are closed.