(न्यूज़लाइवनाउ -Gujarat) गुजरात में शुक्रवार को नई मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान हर्ष सांघवी को राज्य का नया डिप्टी सीएम नियुक्त किया गया। तीन बार के विधायक और मजुरा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले सांघवी ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत के समक्ष शपथ ली। कुल 25 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को मिलाकर कैबिनेट में कुल 26 मंत्री शामिल हो गए।
पिछले वर्ष कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक अर्जुन मोढवाडिया को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। इसके अलावा विसनगर विधायक रुशीकेश पटेल, प्रफुल पनशेरिया और कुंवरजी बावलिया को दोबारा मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
इन नेताओं को भी मिला मंत्रिपद
नए कैबिनेट में कनुभाई देसाई, पुरषोत्तम सोलंकी, नरेश पटेल, अहमदाबाद की पूर्व डिप्टी मेयर दर्शना वाघेला, गुजरात भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष प्रद्युमन वाजा, मोरबी से विधायक कांतिलाल अमरुतिया और वडोदरा की विधायक मनीषा वाकिल को भी शामिल किया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
नई सूची में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी, अमरेली से विधायक और डिप्टी चीफ व्हिप कौशिक वेकारिया, स्वरूपजी ठाकोर, टीकाराम छंगा, जयराम गमित, जामनगर उत्तर से विधायक रिवाबा जडेजा, पीसी बारांदा, दाहोद से रमेश कटारा, अंकलेश्वर से इश्वरसिंह पटेल, दीसा से प्रवीण माली, बारसोड़ से रमनभाई सोलंकी, पेटलाद से कमलेश पटेल और महुधा से संजय सिंह महिदा को भी मंत्रिपरिषद में स्थान मिला है।
मिशन 2027 के दृष्टिकोण से बड़ा कदम
राज्य में यह कैबिनेट पुनर्गठन भाजपा के मिशन 2027 की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी अब आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नए सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश में है। युवा और नए चेहरों को मंत्री बनाकर भाजपा ने संकेत दिया है कि वह संगठन में नई ऊर्जा और व्यापक सामाजिक प्रतिनिधित्व लाना चाहती है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा गुजरात में पाटीदार, ओबीसी और शहरी वर्ग के बीच संतुलन बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है। उनका कहना है कि लगातार सत्ता में रहने से उपजे एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर को कम करने के लिए पार्टी नए चेहरों को आगे ला रही है, जिससे जनता में नई उम्मीद और भरोसा पैदा हो सके।
Comments are closed.