हिंसा और दहशत के लिए कोई स्थान नहीं’ – कनाडा सरकार ने बिश्नोई गिरोह को आतंकी संगठन घोषित किया

(न्यूज़लाइवनाउ-Canada) कनाडाई प्रशासन ने बिश्नोई गिरोह को आधिकारिक रूप से आतंकी संगठन की सूची में डाल दिया है। कनाडा के पब्लिक सेफ्टी मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि देश में हिंसा और आतंक को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी बयान में यह स्पष्ट किया गया कि कनाडा में ऐसे कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है, जो भय और दहशत का माहौल पैदा करते हैं, खासकर जब किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाया जाता है। इसी कारण, आपराधिक संहिता (Criminal Code) के अंतर्गत बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया गया है।

गैरी आनंदसांगरी ने कहा – “हर कनाडाई नागरिक को अपने घर और समाज में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। बिश्नोई गिरोह ने हिंसा और डर का सहारा लेकर खास समुदायों को निशाना बनाया। अब इसे आतंकी संगठन घोषित करने से हमें उनके अपराधों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।”

कनाडा में अब 88 आतंकी संगठन

कनाडा सरकार के अनुसार, इस निर्णय के बाद अब क्रिमिनल कोड के तहत कुल 88 आतंकी संगठनों को सूचीबद्ध किया जा चुका है। इस कानून के तहत किसी भी आतंकी संगठन की संपत्ति या वित्तीय लेनदेन से जुड़ना अपराध है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों की रोकथाम, जांच और कार्रवाई का दायित्व सौंपा गया है।

अब कनाडा में बिश्नोई गैंग की चल-अचल संपत्ति, धन और वाहन जब्त या फ्रीज़ किए जा सकते हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अतिरिक्त अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे वे आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण, यात्रा और भर्ती जैसी गतिविधियों पर रोक लगा सकें। किसी भी व्यक्ति के लिए इस संगठन की संपत्ति से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ना अवैध होगा। यह सूची कनाडा के आव्रजन और सीमा नियंत्रण विभाग को भी यह तय करने में मदद करेगी कि किन्हें देश में प्रवेश की अनुमति दी जाए या रोका जाए।

कनाडाई अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह उन इलाकों में सक्रिय है जहां बड़ी संख्या में प्रवासी समुदाय रहते हैं। यह गैंग हत्या, गोलीबारी, आगजनी, जबरन वसूली और धमकी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। खास समुदायों, उनके प्रतिष्ठित व्यक्तियों, व्यवसायों और सांस्कृतिक चेहरों को टारगेट करके यह असुरक्षा का माहौल बनाता है।

बिश्नोई गिरोह को आतंकी संगठन घोषित करने से कनाडा की सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभाग को इसके खिलाफ अधिक मजबूती से कदम उठाने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने का अवसर मिलेगा।

Comments are closed.