PM MODI ने आयुष्मान भारत योजना का किया उद्घाटन, 50 करोड़ भारतियों को मिलेगा इसका फ़ायदा

इस योजना से 50 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा, मोदी ने कहा कि आज उस विशेष अवसर के सारथी बन रहे जिसका आकलन भविष्‍य में मानवता की बहुत बड़ी सेवा के रूप में होना तय है

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रांची में बटन दबाकर आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर मोदी ने पांच लाभुकों को गोल्डेन कार्ड सौंपे। नागपुरी भाषा में पीएम का संबोधन शुरू होते ही मोदी-मोदी के नारे लगे। मोदी ने कहा कि गरीबों की सेवा की इससे बड़ी कोई योजना नहीं है। दरिद्र नारायण की सेवा का महा अवसर है। इस योजना से 50 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा।मोदी ने कहा कि आज उस विशेष अवसर के सारथी बन रहे जिसका आकलन भविष्‍य में मानवता की बहुत बड़ी सेवा के रूप में होना तय है। आज मैं यहां सिर्फ झारखंड के विकास को गति देने नहीं बल्कि पूरे भारत में जो सपना ऋषि मुनियों ने देखा था, सर्व सन्‍तु निरामया आज उसका आरंभ हाे रहा। समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े इंसान को इलाज मिले। स्‍वास्‍थ्‍य की बेहतर सुविधा मिले। आज इस सपने को साकार करने का अहम कदम बिरसा मुंडा की धरती से उठाया जा रहा। देश की निगाहें रांची पर लगी हैं। देश भर से लोग इस भव्‍य समारोह को देख रहे। आज यहां मुझे दो मेडिकल कालेज शुरू करने का मौका मिला। हमारे मुख्‍यमंत्री जी बता रहे थे कि आजादी के 70 साल में यहां महज तीन मेडिकल कॉलेज थे। अब यहां आठ मेडिकल कॉलेज होंगे। आयुष्‍मान भारत योजना आज से शुरू हाे रही। कोई इसे मोदी केयर कह रहा, कोई इसे गरीबों की योजना बता रहे। मेरे लिए यह दरिद्र की सेवा का मौका है। देश के 50 करोड़ से ज्‍यादा भाई बहनों को पांच लाख रुपये तक का हेल्‍थ इंश्‍योरेंस देने वाली यह दुनिया की सबसे बड़ी योजना है।

पूरी दुनिया में सरकारी पैसे से इतनी बड़ी योजना किसी भी देश में नहीं चल रही है। इस योजना के लाभार्थियों की संख्‍या पूरा यूरोपियन यूनियन, 27-28 देश के लोगों की आबादी के बराबर भारत में इस योजना का लाभ मिलने वाला है। आरोग्‍य जगत की सबसे मान्‍यता प्राप्‍त मैग्जिन ने भी इस योजना को सराहा है और इसे गेम चेंजर माना है। मुझे विश्‍वास है कि हम इस योजना को सफलतापूर्वक लागू कर पाएंगे। पूरी दुनिया को हम माॅडल पेश करेंगे। इसकी सफलता का अध्‍ययन करना पड़ेगा। इसे लागू करने वाली पूरी टीम बधाई की पात्र है। 50 करोड़ लोगों और 13 हजार अस्‍पतालाें को छह माह में जोड़कर योजना केा धरती पर ले आना बहुत बड़ा अजूबा है। टीम को जी जान से बधाई। विश्‍वास है कि ये टीम और भी लगन से काम कर पाएगी। अब उनके साथ पीएम ही नहीं 50 करोड़ लोगों का आशीर्वाद भी होगा। आज इस योजना का आरंभ करते हुए भगवान से कामना करूंगा कि किसी गरीब को अस्‍पताल का मुंह न देखना पड़ा, वह स्‍वस्‍थ रहे। लेकिन अगर उसके पास मुसीबत आई, बीमारी आई तो आयुष्‍मान उसके चरणों में होगा। गरीब आदमी को अमीर की तरह इलाज की सुविधा मिलेगी। यह योजना आज से लागू हुई है। कई चिंताएं थीं। पिछले कुछ दिनों से इसका ट्रायल चल रहा था। उम्‍मीद है कि स्‍वास्‍थ्‍य सेवा को यह योजना मजबूत करेगा।

14 अप्रैल को बस्‍तर के जंगलों से वेलनेस सेंटर का आरंभ किया था। उस दिन बाबा साहेब का जन्‍मदिन था। आज जब दूसरा महत्‍वपूर्ण काम किया जा रहा है तो पंडित दीनदयाल जी की जयंती को ध्‍यान रखा जा रहा है। आज राष्‍ट्रकवि दिनकर जी की भी जयंती है। उन्‍होंने अपना जीवन गरीबों के लिए खपाया। यह योजना उन्‍हें भी समर्पित है। भारत में इलाज पर जो खर्च होता है उससे गरीब टूट जाता है। हर साल लाखों लोग बीमारी की वजह से गरीबी के चक्र से बाहर नहीं निकल पाते। गरीबी हटाओ के लिए हम प्रयासरत हैं।

मैंने गरीबी को जिया है। मैंने गरीबी का स्‍वाभिमानी जिया है। देश ने गरीबी के स्‍वाभिमान को समझने का प्रयास नहीं किया। गरीब को वोट बैंक के लिए ही इस्‍तेमाल किया जाता रहा। हमने देश को गरीबी से मुक्ति का संकल्‍प लिया है। दो तीन सालों में पांच करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए। गरीब को गैस का कनेक्‍शन मिलता है, जब उसका खाता खुलता है, जब गरीब को पोशन मिशन का लाभ मिलता है तो उनका आत्‍मविश्‍वास मिलता है। एशियन गेम्‍स में पदक जीतकर लाने वाले कौन थे। ज्‍यादातर गरीब परिवार से थे। इन्‍हें मौका मिला तो ये हिंदुस्‍तान का नाम रोशन कर लाए। इसलिए हमारी सारी योजना गरीबों को मजबूत करने के लिए है। देश में जाति, संप्रदाय, क्षेत्र की राजनीति हुई। वोट बैंक की राजनीति के तहत पहले की सरकारों ने सरकारी खजानों को लूटा। हमारा मंत्र है सबका साथ, सबका विकास। जाति, संप्रदाय के आधार पर आयुष्‍मान भारत योजना को अमल नहीं होगा। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा कहीं भी जाने वाला व्‍यक्ति हो उसे इस योजना का लाभ मिलेगा।

यही है सबका साथ, सबका विकास। 1300 बीमारियों का इलाज इस योजना के तहत न सिर्फ सरकारी बल्कि निजी अस्‍पतालों में होगा। पांच लाख तक जांच, इलाज और दवाई का खर्च इस योजना के तहत उठाया जाएगा। पहले से कोई बीमार है तो भी उसका इलाज होगा। कोई जरूरतमंद छूट न जाए इसकी व्‍यवस्‍था है। किसी रजिस्‍ट्रेनश की जरूरत नहीं इलाज के लिए। आपको ई कार्ड दिया जा रहा। अस्‍पताल जाइये और इलाज कराइये। एक टेलीफोन नंबर दिया जा रहा 14555। आप इस नंबर पर जानकारी ले सकते हैं कि आप इस योजना में शामिल हैं नहीं। आशा और एएनएम बहनें, प्रधानमंत्री आरोग्‍य मित्र अस्‍पताल में आपकी मदद के लिए मौजूद रहेंगे। ये इलाज कराने में आपकी पूरी सहायता करेंगे। यह सारी जानकारी आप तक पहुंचाएंगे। जो राज्‍य इस योजना से जुड़े हैं, वे दूसरे राज्‍यों में भी इसका लाभ ले सकते हैं। 13 हजार अस्‍पताल जुड़ चुके हैं। और भी अस्‍पताल इससे जुड़ चुके हैं।अच्‍छी सरकार देने पर अस्‍पतालाें को सरकारी मदद दी जाएगी। ऐसी व्‍यवस्‍था की जा रही आपको घर के पास ही उत्‍तम सुविधा मिल जाए। आज दस वेलनेस सेंटर का उद़घाटन हुआ। झारखंड में 40 और देश में 2500 वेलनेस सेंटर काम कर रहे। चार साल में डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर काम करने लगेंगे। छोटी बीमारियों का यहां इलाज होगा, दवाइयां मिलेंगी। योग हो, स्‍वच्‍छता हो सभी ओर ध्‍यान दिया जा रहा ताकि स्‍वस्‍थ भारत की ओर कदम बढ़ाया जा सके। राष्‍ट्रीय पोशन मिशन शुरू किए गए हैं ताकि गरीब कुपोषित न रहे। अनुमान है आयुष्‍मान भारत की वजह से 2500 अस्‍पताल आने वाले समय में पूर देश में बनेंगे। यह रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। बीमा, तकनीकी कौशल, उपकारण निर्माण, कॉल सेंटर में लाखों-करोड़ों रोजगार पैदा होंगे। मेडिकल स्‍टार्टअप के लिए भी अवसर बनेंगे। डाक्‍टर, नर्स के लिए बड़ा मौका है। गांवों, कस्‍बों, शहरों में हेल्‍थ सेक्‍टर मजबूत हो इसके लिए काम किया जा रहा। हर राज्‍य में कम से कम एक एम्‍स बनाने का काम किया जा रहा। चार संसदीय सीटों के बीच एक मेडिकल कालेज का संकल्‍प है। आज दो मेडिकल कालेज का शिलान्‍यास हुआ। 1 लाख नए डाक्‍टर देश में तैयार होंगे अगले चार वर्षों में।दीन दयाल उपाध्‍याय जी कहते थे स्‍वास्‍थ्‍य पर होने वाला खर्च खर्च नहीं निवेश होता है। नागरिक स्‍वस्‍थ रहेगा तभी सशक्‍त भारत बनेगा। आप सभी आरोग्‍य रहें, आयुष्‍मान रहें इसी कामना के साथ इस योजना को देश की सवा सौ करोड़ जनता को समर्पित करता हूं।इससे पहले राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, सीएम रघुवर दास समेत झारखंड सरकार के कई मंत्रियों ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। तमाम वरीय अधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद मोदी सभास्थल पर पहुंचे। यहां पीएम ने आयुष्मान भारत से संबंधित प्रदर्शनी का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी में डिजिटल वॉल में योजना की तैयारियों को देखा। योजना में कैसे फर्जीवाड़ा पर रोक लगेगी, आरोग्य मित्र कैसे लाभुकों की मदद करेंगे, राज्यों द्वारा एमओयू का स्टेटस आदि देखा। पीएम ने आंगनबाड़ी सहायिकाओं व सेविकाओं से बातचीत की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने कोडरमा, चाईबासा मेडिकल कॉलेज का ऑनलाइन शिलान्यास किया। 2020 तक दोनों मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार होंगे। पीएम ने 10 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का ऑनलाइन शुभारंभ किया। मोदी को सुनने के लिए प्रभात तारा मैदान में भारी भीड़ पहुंची है।

दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ का आगाज रांची हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर देश के 55 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य गारंटी देने वाली इस योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से देशभर के 10.74 करोड़ तथा झारखंड के 57 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। राज्य के 57 लाख परिवार (कुल आबादी का 85 फीसद) स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आ आए हैं। ये परिवार ऐसे हैं. जो खाद्य सुरक्षा कानून के दायरे में आते हैं। लाभुक परिवार देशभर के किसी भी सूचीबद्ध अस्पतालों में एक साल तक पांच लाख रुपये तक का निश्शुल्क इलाज करा सकेंगे।

प्रधानमंत्री इस अवसर पर कोडरमा व चाईबासा में केंद्र के सहयोग से ही खुलने वाले मेडिकल कॉलेज का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के दूसरे कंपोनेंट के रूप में शामिल राज्य के दस हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का भी ऑनलाइन शुभारंभ किया। इनमें रांची के छह तथा बोकारो और पूर्वी सिंहभूम के चार स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। पूरी तरह डिजिटल, कैशलेस व पेपरलेस योजना यह योजना पूरी तरह डिजिटल, कैशलेस व पेपरलेस है। इसमें लाभुक परिवार को अस्पताल को कोई नगद राशि नहीं देनी होगी। डिजिटली राशि का लेनदेन केवल अस्पताल, बीमा कंपनी व राज्य सरकार के बीच होगा।

 

Leave A Reply