(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB Scam) को 13 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाकर विदेश भागे नीरव मोदी (Nirav Modi Arrested) को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया है। नीरव को लंदन के होलबोर्न मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी का कदम लंदन की एक कोर्ट द्वारा मनी लॉन्ड्रिग केस में उनके प्रत्यर्पण के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध उठाया है। भगोड़े हीरा कोराबारी नीरव मोदी को स्थानीय समयानुसार सुबह 11.20 बजे लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले, सीबीआई सूत्रों ने कहा था कि फरार चल रहे नीरव मोदी को ब्रिटेन से प्रत्यर्पित कराने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने पिछले साल नीरव मोदी के खिलाफ एजेंसी द्वारा जारी किए गए रेड कॉर्नर नोटिस का जवाब दिया था।नीरव मोदी कथित रूप से अपने मामा मेहुल चौकसी की मिलीभगत से लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग का इस्तेमाल कर पीएनबी से करीब 13,000 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया है।वहीं प्रवर्तन निदेशालय को मुंबई में PMLA कोर्ट से 173 पेंटिंग्स को बेचने की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही 11 कारों की नीलामी भी होनी है। पीएमएलए कोर्ट ने नीरव मोदी की पत्नी अमी मोदी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) के प्रत्यर्पण अनुरोध पर लंदन की अदालत ने नीरव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पीएनबी घोटाले का मुख्य आरोपी मोदी पिछले दिनों लंदन की सड़कों पर घूमता नजर आया था। उल्लेखनीय है कि नीरव के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ है। ब्रिटेन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने हाल ही में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। नीरव की गिरफ्तारी भले हो गई हो लेकिन उसके भारत प्रत्यर्पण में बहुत लंबा वक्त लग सकता है। क्योंकि गिरफ्तारी के बाद उसके पास कोर्ट जाने का विकल्प होगा और कोर्ट से उसे कुछ शर्तो के साथ जमानत भी मिल सकती है।