रूस का बड़ा फैसला: नए परमाणु हथियारों की राह पर बढ़ा कदम, पुतिन ने ट्रंप को दिया कड़ा झटका – प्लूटोनियम समझौता खत्म
(न्यूज़लाइवनाउ-Russia) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को बड़ा झटका देते हुए एक चौंकाने वाला निर्णय लिया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच हुआ प्लूटोनियम निपटान समझौता रद्द कर दिया है, जो परमाणु हथियारों के निर्माण को सीमित करने से जुड़ा था।
सोमवार (27 अक्टूबर) को पुतिन ने आधिकारिक रूप से इस समझौते से रूस को बाहर कर दिया। यह वही समझौता था जिसके तहत दोनों देशों ने परमाणु हथियारों में इस्तेमाल होने वाले प्लूटोनियम को नष्ट करने पर सहमति जताई थी। इस कदम से अमेरिका के साथ रूस के रिश्ते और तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाल के महीनों में लगातार रूस के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं। उन्होंने भारत से भी रूस के साथ व्यापारिक समझौतों को समाप्त करने की अपील की थी, लेकिन भारत ने ऐसा नहीं किया।
रूस-अमेरिका रिश्तों में बढ़ी खटास
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने यह कदम उस वक्त उठाया है जब दोनों देशों के बीच रिश्ते पहले से ही खराब चल रहे हैं। पुतिन ने जिस विधेयक पर हस्ताक्षर किए, उसे हाल ही में रूसी संसद ने मंजूरी दी थी। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को यूक्रेन के पक्ष में खड़ा कर दिया है। इसी कारण पुतिन ने अपने परमाणु बलों को उच्च सतर्कता पर रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
रूस और अमेरिका के बीच सितंबर 2000 में हुआ यह प्लूटोनियम प्रबंधन समझौता दोनों देशों के बीच परमाणु तनाव को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम था। इसके तहत दोनों ने 34 टन सैन्य ग्रेड प्लूटोनियम को निष्क्रिय करने पर सहमति जताई थी। हालांकि, अक्टूबर 2016 में रूस ने इसे अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। अब पुतिन के ताजा फैसले ने इसे पूरी तरह रद्द कर दिया है, जिसे अमेरिका ने “शत्रुतापूर्ण कदम” करार दिया है।
रूस ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब उसने कुछ दिन पहले बुरेवस्तनिक नामक परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। यह मिसाइल बेहद उन्नत तकनीक वाली और विनाशकारी क्षमता वाली मानी जा रही है। इसी वजह से पुतिन का यह निर्णय अंतरराष्ट्रीय समुदाय में गंभीर चर्चा का विषय बन गया है।
Comments are closed.