मैंने कभी भी रूस के लिए काम नहीं किया: ट्रम्प
उन पर रूस के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है, ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि ऐसी कोई भी रिपोर्ट सिर्फ अफवाह है और इसके बारे में जनता से अच्छा कोई नहीं जानता
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उन रिपोर्ट्स को खारिज किया है, जिसमें उन पर रूस के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है। ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि ऐसी कोई भी रिपोर्ट सिर्फ अफवाह है और इसके बारे में जनता से अच्छा कोई नहीं जानता। ऐसे सवाल पूछना भी अपमान की तरह है क्योंकि यह सिर्फ झूठ है।दरअसल कुछ दिन पहले मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि ट्रम्प ने एफबीआई निदेशक जेम्स कोमी को पद से इसलिए हटा दिया, क्योंकि वह राष्ट्रपति के रूस कनेक्शन खंगाल रहे थे। रिपोर्ट्स में यह आरोप लगाए गए कि कोमी ट्रम्प के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाने और न्याय में बाधा डालने की कोशिशों की जांच भी कर रहे थे। वहीं एक और रिपोर्ट में कहा गया था कि ट्रम्प रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन रिपोर्ट्स को बकवास बताया। वहीं, ट्रम्प ने खुद अपने बयान में कहा कि फेक न्यूज हर दिन फैलती जा रही हैं, जिससे लोगों में गुस्सा और अलगाव पैदा हो रहा है। इससे सरकार के बेहतर काम भी छिप रहे हैं।