टेनिस: क्रिस्टियन गेरिन ने डिफेंडिंग चैंपियन ज्वेरेव को हराया
क्रिस्टियन ने दो मैच पॉइंट बचाकर क्वार्टर फाइनल मैच जीता।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): चिली के टेनिस खिलाड़ी क्रिस्टियन गेरिन ने करिअर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। गैरवरीय क्रिस्टियन ने म्यूनिख ओपन में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-4, 5-7, 7-5 से हराया। यह दुनिया के 47वें नंबर के खिलाड़ी क्रिस्टियन की टॉप-10 में शामिल किसी खिलाड़ी पर पहली जीत है। क्रिस्टियन ने दो मैच पॉइंट बचाकर क्वार्टर फाइनल मैच जीता। इस हार से ज्वेरेव सोमवार को जारी होने वाली रैंकिंग में एक स्थान फिसलकर चौथे नंबर पर पहुंच जाएंगे। स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर तीसरे स्थान पर आ जाएंगे। सेमीफाइनल में क्रिस्टियन और तीसरी सीड मार्को सेचिनाटो का मैच सस्पेंड हो गया। क्रिस्टियन ने पहला सेट 6-2 से जीत लिया था। दूसरे सेट में भी क्रिस्टियन 4-3 से आगे थे। इसके बाद मैच सस्पेंड हो गया। अब यह मैच बाद में खेला जाएगा। एक अन्य सेमीफाइनल में चौथी सीड स्पेन के रॉबर्टो बाॅतिस्ता एगुट और इटली के मातेओ बेरेटिनी भिड़ेंगे। बॉतिस्ता ने अर्जेंटीना के गुइडो पेला को 4-6, 6-4, 6-0 से हराया। वहीं, बेरेटिनी ने तीन बार के चैंपियन जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर को 4-6, 7-5, 6-4 से मात दी।