(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले के बाद क्रिकेट के मैदान पर भी भारत ने पाक को घेरने की तैयारी शुरू कर ली है। वर्ल्ड कप में एक तरफ जहां भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर संकट के बादल लगातार गहराते जा रहे हैं, वहीं मामले में अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी सख्त रुख अपना लिया है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड ने इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को पत्र लिखकर लिखकर इस साल इंग्लैंड और वेल्स में होने जा रहे वर्ल्ड कप से पाकिस्तानी टीम को बाहर का दरवाजा दिखाए जाने की मांग रखी है।रिपोर्ट्स की मानें तोबीसीसीआई के सीईओ राहुल जोहरी ने आईसीसी को ईमेल भेजकर पाकिस्तान को वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने की अपील की है, क्योंकि यह पड़ोसी देश लगातार अपनी जमीन पर आतंकियों को फलने- फूलने का मौका दे रहा है और भारत के खिलाफ आतंकवाद को शह दे रहा है। बोर्ड ने आईसीसी से साफतौर पर कहा है कि देश के अंदर पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का मूड है और भारत आतंकवाद के मसले पर कोई समझौता नहीं करेगा।गौरतलब है कि वर्ल्ड कप में भारत को 16 जून को मैनचेस्टर में पाकिस्तान से मैच खेलना है।इस बीच बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि अगर सरकार वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच नहीं चाहेगी तो यह मैच नहीं खेला जाएगा। हालांकि अधिकारी ने आगाह किया कि अगर भारत यह मैच नहीं खेलता तो पाकिस्तान को पूरे अंक मिल जाएंगे और भारतीय टीम को नुकसान होगा।पुलवामा आतंकी हमले के बाद बीसीसीआई ने अपने मुंबई स्थित हेडक्वॉर्टर से पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी तस्वीरों और स्मृति चिह्नों को हटा दिया है। क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया समेत कई राज्य क्रिकेट संघों द्वारा अपने परिसरों से पाकिस्तानी क्रिकेटर्स से जुड़ी तस्वीरों को हटाए जाने के बाद बीसीसीआई ने भी यह कदम उठाया है। वीसीए ने भी नागपुर स्टेडियम से तस्वीरें हटाई हैं।