612 लोगों को दिया जाएगा पेयजल जांच का प्रशिक्षण

कुल्लू: जिला स्तरीय पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला परिषद हाॅल में हुई। जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चैधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पीने के पानी की गुणवत्ता, पानी के सैंपलों की जांच और जलस्रोतों के रखरखाव पर विस्तार से चर्चा की गई।
  इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि कुल्लू जिला में खंड स्तर पर 612 लोगों को पानी की टैस्टिंग का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक 48 लोगों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिला की सभी 204 ग्राम पंचायतों को वाटर टैस्टिंग किट दी गई हैं। पंचायत जनप्रतिनिधि और प्रशिक्षित लोग अपनेे-अपने क्षेत्रों में इन वाटर टैस्टिंग किटों के माध्यम से पीने के पानी की नियमित रूप से जांच करते रहें। जिप अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष जिला में पानी के कुल 75,720 नमूनों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 2447 नमूनों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की स्वच्छता के प्रति जागरुक करें।
 बैठक के दौरान आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता केआर कुल्लवी ने जिला स्तरीय पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. विक्रम कटोच, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश और मिशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
Leave A Reply