मकान की छत गिरने से 64 वर्षीय महिला की मौत, घर में अकेली सो रही थी वृद्धा

(न्यूज़ लाइव नाउ – उत्तरप्रदेश): बुधवार रात वर्षा के चलते मुरादनगर की नूरगंज कालोनी में एक मकान की छत गिर पड़ी जिसके कारण मकान में सो रही वृद्धा जुबैदा(64) की मौत हो गई। स्वजन की सहमति पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव उन्हें सौंप दिया। मौके पर जाकर एसडीएम ने निरीक्षण भी किया। बताया जा रहा है कि मकान जर्जर हाल था। नूजरगंज कालोनी में जुबैदा परिवार समेत रहती थी। बुधवार को पूरे दिन वर्षा हो रही थी। जिसके चलते मकान की छत पर पानी भर गया। रात को जब वर्षा रुकी तो परिवार के अन्य लोग बाहर चले गए।

जुबैदा कमरे में सो रही थी। इस बीच अचानक मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से जुबैदा को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जुबैदा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर निरीक्षण किया।

आसपास के लोगों ने बताया कि मकान जर्जर हालत में था। मकान की छत से प्लास्टर गिरता था। उधर, हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। उनके रहने के लिए प्रशासन ने व्यवस्था कराई है। एसडीएम ने बताया कि मौके पर निरीक्षण कर अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

Comments are closed.