उत्तर प्रदेश: RSS के समागम में शामिल हुए एसपी के पूर्व जिलाध्यक्ष।

अखिलेश ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) मेरठ: समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि जयवीर सिंह पर यह कार्रवाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समागम में सम्मिलित होने के कारण की गई है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने गुरुवार को उनके खिलाफ यह कार्रवाई की। जयवीर सिंह पूर्व में दो बार एसपी के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और उन्हें एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बेहद करीबी कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता रहा है। समाजवादी पार्टी की सत्ता रहने के दौरान जयवीर सिंह को तत्कालीन सीएम के कोर ग्रुप का हिस्सा माना जाता था। एसपी की सरकार रहने के दौरान जयवीर सिंह जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी बनाए गए थे। इसके बाद एसपी के आंतरिक विवाद के चलते जयवीर सिंह को जिलाध्यक्ष पद से हटाकर चौधरी राजपाल सिंह को इस पद की जिम्मेदारी दी गई थी। सत्ता बदलने के बाद जयवीर सिंह की जिला सहकारी बैंक की कुर्सी पर संकट मंडराने लगा। वहीं बैंक में एक गबन के मामले चल रही वसूली की प्रक्रिया में फंसने के बाद जयवीर ने कार्रवाई ना होने देने के लिए बीजेपी नेताओं से अपने संपर्क पुख्ता करना शुरू किये। इसी दौरान 25 फरवरी को मेरठ में हुए संघ समागम के दौरान जयवीर इसमें बतौर स्वयंसेवक शामिल हुए तो स्थानीय नेताओं ने इसकी शिकायत प्रदेश नेतृत्व से की। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा इसे अनुशासनहीनता मानते हुए गुरुवार को उन्हें 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। बता दें कि जिस संघ समागम में शामिल होने के लिए जयवीर पर यह कार्रवाई की गई उसमें आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत समेत संघ के शीर्ष पदाधिकारी और तमाम बीजेपी नेता शामिल हुए थे।

Leave A Reply