(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ):दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया जबकि शोपियां जिले में शुरू हुई मुठभेड़ अभी भी चल रही है. इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान घायल हो गया है.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग के पेठ दियालगाम में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने उस इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया. उन्होंने कहा कि इसी दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलायीं और जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी.
सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया. अधिकारी ने कहा कि मारे गए आतंकवादी की पहचान नहीं हो पायी है. अभी तक यह भी पता नहीं है कि वह किसी संगठन या समूह से जुड़ा था. अभियान अभी जारी है.
उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के ही शोपियां जिले में घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद शुरू हुई मुठभेड़ अभी चल रही है. अधिकारी ने कहा कि अभी और जानकारी की प्रतीक्षा है.