हिमाचल: फिर बिगड़ेगा मौसम का मिज़ाज, 2 दिन भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। तीन दिन धूप खिलने के बाद 19 से प्रदेश में दोबारा मौसम बिगड़ने जा रहा है। हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 मार्च तक बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं। 22 से मौसम साफ रहने की संभावना है। सोमवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मैदानों में गर्मी बढ़ना शुरू हो गई है। दिन के समय लोगों ने स्वेटर और जैकेट पहनना छोड़ दिया है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज हुआ। इस साल में यह सबसे अधिक पारा दर्ज हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 27.4, हमीरपुर में 27.3, कांगड़ा में 26.4, सुंदरनगर में 25.4, नाहन में 24.5, चंबा में 24.1, भुंतर में 23.5, सोलन में 22.0, धर्मशाला में 20.2, शिमला में 18.6, डलहौजी में 11.7, कल्पा में 11.6 और केलांग में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। रविवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2, कल्पा में माइनस 0.6, मनाली में शून्य, कुफरी में 3.2, शिमला में 7.3 और धर्मशाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

Leave A Reply