फेसबुक ने कांग्रेस से जुड़े 687 फर्जी पेजों को हटाया, मोदी के खिलाफ किया जा रहा था प्रचार
सोशल मीडिया कंपनी ने कहा कि 'अप्रमाणिक व्यवहार' के चलते देश की मुख्य विपक्षी पार्टी से जुड़े इन पेजों को हटाया गया है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : आम चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान में अब कुछ दिन ही बचे हैं, इस बीच फेसबुक ने कांग्रेस पार्टी से जुड़े 687 पेजों को अपने प्लैटफॉर्म से हटा दिया है। सोमवार को सोशल मीडिया कंपनी ने कहा कि ‘अप्रमाणिक व्यवहार’ के चलते देश की मुख्य विपक्षी पार्टी से जुड़े इन पेजों को हटाया गया है। फेसबुक ने संभवत: पहली बार इस तरह का ऐक्शन लिया है, जब किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से जुड़े पन्नों को हटाया गया है। फेसबुक ने साफ किया है कि इन पन्नों को उनमें प्रकाशित सामग्री की बजाय उनके ‘इनऑथेंटिक बिहेवियर’ यानी अप्रामाणिक जानकारी के चलते हटाया गया है।भारत में दुनिया में सबसे ज्यादा 30 करोड़ फेसबुक यूजर हैं। फेसबुक ने कहा कि उसने अपनी जांच में पाया है कि लोगों ने फेक अकाउंट्स बनाए और अलग-अलग ग्रुप्स से जुड़कर कॉन्टेंट को फैलाया और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने का काम किया। फेसबुक ने कहा कि इन फेक पन्नों में लोकल न्यूज के अलावा मुख्य विक्षी दल बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी की आलोचना भी की जाती थी। फेसबुक के साइबर सिक्यॉरिटी पॉलिसी के हेड नाथनेल ग्लेचियर ने कहा, ‘लोगों ने अपनी पहचान को छिपाकर यह काम करने का प्रयास किया, लेकिन हमने अपनी जांच में पाया कि ऐसे पन्ने कांग्रेस की आईटी सेल के लोगों से जुड़े थे।’ उन्होंने कहा कि इन अकाउंट्स को कॉन्टेंट नहीं बल्कि अप्रमाणिक व्यवहार के चलते हटाया जा रहा है।