आनी।उपमंडल के तहत आनी-जलोड़ी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। प्राथमिक सूचना के अनुसार इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई जबकि 14 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार परिवहन निगम की कुल्लू से बाघी पुल जाने वाली बस खणाग के पास सुबह 5:30 बजे के करीब दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बस में करीब 25 लोग सवार थे। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में मंजू डीमार आनी, टेक राम समारड़ा व एक अन्य युवक शामिल है। युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में कुछ को बंजार व कुछ को आनी अस्पताल उपचार के लिए दाखिल करवाया गया है।

लोगों का कहना है कि माशनू नाले के पास सड़क पर बंद होने के कारण सवारियां दोनों तरफ से इधर-उधर की जा रही थी। सूचना के अनुसार बस के चालक और परिचालक अभी बस में सवार नहीं हुए थे और वे बाहर खड़े थे। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति ने बस से छेड़छाड़ की और बस न्यूटल हो आगे चल पड़ी सीधे खाई में गिर गई। हादसा इतना भयंकर था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद आनी प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरु किया व घायलों को सड़कों तक पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बस से छेड़छाड़ करने वाले शख्स को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। उसका उपचार चल रहा है।
स्वतंत्रता दिवस मनाने पहुंचे छात्रों दिया राहत कार्यों में योगदान
उधर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने पहुंचे सीनियर सेकेंडरी स्कूल माशनू के छात्रों ने घायलों को सड़क तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। ये छात्र स्कूल में स्वतंत्रता दिवस मनाने पहुंचे थे लेकिन ध्वजारेहण के बाद जब उन्हें हादसे का पता चला सभी घटनास्थल की ओर रवाना हुए और सभी ने खाई में गिरी बस के घायलों को अपनी पीठ पर सड़क तक पहुंचाया।
