जेडीयू ने शरद यादव को दी सलाह, जल्द से जल्द थाम लीजिए ‘लालटेन’

जेडीयू ने अपनी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव को जल्द से जल्द लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल होने की नसीहत दी है. जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बुधवार को कहा, ‘चुनाव आयोग ने आपको (शरद यादव को) जेडीयू मानने के दावे को अमान्य कर दिया और अब राज्यसभा सदस्यता खारिज होने का खतरा है. मेरी यह सलाह है कि जल्द से जल्द ‘लालटेन’ पकड़ लीजिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शरद यादव ने राजनीति में जो संगति की थी, उसका असर चुनाव आयोग में दिखाई पड़ा.

जेडीयू प्रवक्ता ने कहा, ‘शरद जब से आरजेडी सुप्रीम लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप के ‘पॉलिटिकल अंकल’ बने हैं और जब उनकी निगाह इस बात पर गई कि जब लालू सपरिवार जेल जाएंगे तब हम उनकी संपत्ति के ‘कस्टोडियन’ बनेंगे, उसके बाद से राजनीति में इनकी दुर्गति शुरू हो गई है.’

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में शरद यादव ने दावा किया था कि उनकी पार्टी जनता दल (यू) है, जिसे चुनाव आयोग ने अमान्य करार दिया. अब राज्यसभा सचिवालय द्वारा राज्यसभा की सदस्यता के संबंध में भी नोटिस जारी किया गया है, जिससे अब तो उनकी सदस्यता भी खारिज होने का खतरा है.
उन्होंने कहा, जेडीयू पर शरद यादव का कोई दावा नहीं है, इसलिए आप (शरद) मिलन समारोह की तिथि और समय तय कीजिए. वैसे, लालू प्रसाद तो कानूनी व्यस्तता में बेचैन हैं. देखना है कि वह कब आपको समय देते हैं. पितृपक्ष के पहले या पितृपक्ष के बाद मिलन समारोह कब होगा? नीरज कुमार ने कहा, शरद यादव का दिल तो मिला हुआ था ही, अब वह जल्द से जल्द ‘एंट्री’ (आरजेडी में) ले लें और तेजस्वी, तेजप्रताप जिंदाबाद का नारा लगाएं.

Leave A Reply