धनबाद के आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग, अपार्टमेंट में आग लगने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत

धनबाद के एक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई है। कई लोग अपार्टमेंट में फंसे हैं। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। सटीक संख्या को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। बचाव अभी भी चल रहा है।

(एन एल एन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): झारखंड के धनबाद में एक अपार्टमेंट में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग जोड़ाफाटक के आशीर्वाद आपर्टमेंट के तीसरी मंजिल में लगी है। कई लोग अपार्टमेंट में फंसे हैं। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है. जानकारी के मुताबिक, हादसे में 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 15 लोगों को बचाया गया है। अब भी लोगों को रेसक्यू किया जा रहा है। डीएसपी कानून व्यवस्था के मुताबिक, धनबाद के एक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई है। कई के फंसे होने की आशंका है। कुछ मौतों की सूचना भी मिली है। सटीक संख्या को लकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। बचाव अभी भी चल रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य किया जा रहा है। दमकल गाडियां पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। गौरतलब है कि इस टॉवर के पास में ही एक अस्पताल भी स्थित है। भीषण आग के कारण अपार्टमेंट में रहने वाले लोग काफी डरे और सहमे हैं। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर में ब्लास्ट बताया जा रहा है।

 

Leave A Reply