संजौली नगर के ईजन घर की बंगाला कालौनी में हुए नुकसान का जायजा लेने सुरेश भारद्वाज संजौली पहुंचे

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। भारी बरसात के कारण संजौली नगर के ईजन घर की बंगाला कालौनी में हुए नुकसान का जायजा लेने तथा प्रभावितों का कुशलक्षेम पूछने आज शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश भारद्वाज संजौली पहुंचे। उन्होंने प्रभावित पांच परिवारों को तुरंत सहायता राशि के रूप में पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने जो सामान खराब हुआ है, उसका मामला बनाकर तुरंत मुआवजा उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिये।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम तथा वन विभाग के अधिकारियों को रास्ते में आए मलवे को हटाने तथा नालियों की मुरम्मत व पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने के आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किये।
उन्होंने कहा कि अधिकारी उनके निर्देशों का पालन कर तुरंत कार्य योजना बनाएं तथा रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपे। इस कार्य के लिए किसी भी प्रकार के धन की आवश्यकता के लिए उन्होंने उपायुक्त को धन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य की प्रगति के लिए 5 जुलाई, 2018 को समीक्षा बैठक की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम शिमला की महापौर श्रीमती कुसुम सदरेट, उपायुक्त शिमला श्री अमित कश्यप, उपमंडलाधिकारी शिमला शहरी श्रीमती नीरजा चांदला और तहसीलदार शहरी श्री संजीव गुप्ता व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Leave A Reply