(न्यूज़लाइवनाउ-India) भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को औपचारिक रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालेंगे। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सोमवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नितिन नवीन के नाम पर भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में आधिकारिक मुहर लग गई।
‘जनता की भावनाओं से जुड़ने वाला ही बनता है महान’
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक कार्यकर्ता की तरह देश की सेवा करते हुए देखा है और उनसे बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आम लोगों की भावनाओं को समझकर उनसे जुड़ता है, वही आगे चलकर बड़ा नेतृत्व बनता है।
पीएम मोदी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि गुजरात के आनंद में हुए एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देखा था कि कैसे मोदी जी हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते थे। कार्यक्रम के बाद ग्रीन रूम में उन्होंने भावुक होकर समझाया कि लोग इतनी दूर से क्यों आए थे। उस दिन उन्हें एहसास हुआ कि सच्ची महानता जनता से जुड़ने में ही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल ‘राष्ट्र प्रथम’ के नारे तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे व्यवहार में उतारने का काम करती है। पार्टी में राजनीति पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रेरणादायी नेतृत्व, मजबूत विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के नारे से की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का सम्मान करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाया, इसके लिए वह आभार प्रकट करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति की जड़ें कार्यकर्ताओं में हैं और उसकी सोच सर्वसमावेशी व व्यापक है।
पीएम मोदी का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा ने अपनी यात्रा एक अलग सोच वाली पार्टी के रूप में शुरू की थी और आज यह सुशासन की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश ने आजादी के बाद कई शासन मॉडल देखे—कांग्रेस का परिवारवाद, वामपंथ का प्रयोग, क्षेत्रीय दलों का दौर और अस्थिर सरकारें। लेकिन अब देश स्थिरता, संवेदनशीलता और विकास के भाजपा मॉडल को देख रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सामाजिक न्याय को सिर्फ नारा नहीं, बल्कि जमीन पर उतारा है। गरीब कल्याण की योजनाएं अब फाइलों से निकलकर सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि माताओं-बहनों की पानी के लिए होने वाली परेशानी को समझते हुए यह योजना लाई गई, जिससे करोड़ों परिवारों को नल से जल की सुविधा मिली।
‘भाजपा ने उत्तर भारत को दिल और दिल्ली दोनों से जोड़ा’
पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने उत्तर भारत को नजरअंदाज किया, लेकिन भाजपा ने उसे न सिर्फ दिल से जोड़ा बल्कि दिल्ली से भी मजबूती से जोड़ा। उन्होंने कहा कि जिनकी कोई नहीं सुनता था, उन्हें मोदी ने पूजा।
उन्होंने आगे कहा कि देश के सामने आज घुसपैठ एक बड़ी चुनौती है। दुनिया के विकसित देश भी इस समस्या से निपट रहे हैं और भारत भी अपने युवाओं व गरीबों के हक पर डाका नहीं पड़ने देगा। घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजना जरूरी है। साथ ही, जो राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति में उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, उन्हें जनता के सामने बेनकाब करना होगा।
और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।
Comments are closed.