राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की मंगलकामनाएं, सुख-समृद्धि और सौहार्द की की प्रार्थना
(न्यूज़लाइवनाउ-India) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दीपावली से पूर्व लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया था।
देशभर में आज दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और सौहार्द की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
राष्ट्रपति का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपने संदेश में लिखा —
“दीपावली के पावन अवसर पर मैं भारत तथा विश्वभर में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। दीपावली हमारे देश के प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो उल्लास और उमंग के साथ मनाया जाता है। यह पर्व प्रकाश की अंधकार पर, ज्ञान की अज्ञानता पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे लिखा कि दीपोत्सव आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। इस दिन श्रद्धा भाव से माँ लक्ष्मी की पूजा की जाती है, जो धन, ऐश्वर्य और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह आनंदमय पर्व आत्ममंथन और आत्मसुधार का अवसर भी है। दीपावली हमें जरूरतमंदों की सहायता करने और उनके जीवन में खुशियाँ लाने का भी संदेश देती है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि दीपावली को सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाएं।“
यह दीपावली सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैलाए,” राष्ट्रपति ने कहा।
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में लिखा —
“सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पवित्र पर्व हर किसी के जीवन को सुख, समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही मेरी प्रार्थना है।”
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की थी कि दीपावली की खरीदारी के दौरान भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और अन्य लोगों को भी ‘वोकल फॉर लोकल’ बनने के लिए प्रेरित करें।भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में भी दीपावली की रौनक दिखाई दे रही है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज, और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रकाश और सकारात्मकता का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उजाला लेकर आए — यही दीपोत्सव का सच्चा संदेश है।
Comments are closed.