(न्यूज़लाइवनाउ-Nepal) नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में एक ऊँची चोटी पर आए भीषण बर्फीले धंसाव में सात पर्वतारोहियों की जान चली गई। इसके अलावा चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि चार अन्य का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। मरने वालों में कई विदेशी पर्वतारोही भी शामिल बताए गए हैं। यह जानकारी सोमवार को नेपाल पुलिस ने दी।
नेपाल पुलिस के अधिकारी ज्ञान कुमार महतो के अनुसार यह दुखद घटना दोलखा जिले की रोलवालिंग घाटी में यालुंग री पर्वत पर 5,630 मीटर की ऊंचाई पर हुई।
दोलखा जिला पुलिस कार्यालय के उपाधीक्षक महतो ने बताया कि मृतकों में तीन अमेरिकी नागरिक, एक कनाडाई, एक इटली के पर्वतारोही और दो नेपाली नागरिक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना तब हुई जब नेपाली व विदेशी पर्वतारोहियों का एक दल, स्थानीय गाइडों के साथ, 6,332 मीटर ऊंची डोलमा खांग चोटी पर चढ़ाई की तैयारी के लिए यालुंग री बेस कैंप में ठहरा हुआ था।
लापता में विदेशी पर्वतारोही शामिल
सूचना के अनुसार, लापता व्यक्तियों में भी विदेशी पर्वतारोही शामिल हैं। चार घायलों को पास के गांव में प्राथमिक चिकित्सा के लिए ले जाया गया है। महतो ने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, हालांकि बताया गया कि शाम ढलने के बाद खोज अभियान रोक दिया गया।
Comments are closed.